Shahjahanpur News: रावतपुर और अभायन में दो दिन में बुखार से सात की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 25 Oct 2023 12:50 AM IST

कांट के अभायन गांव में मरीजों का परीक्षण करतीं डॉक्टरों की टीम। स्रोत-स्वास्थ्य विभाग
कांट। मलेरिया, डेंगू और वायरल बुखार का क्षेत्र में प्रकोप कम नहीं हो रहा। अभायन गांव में दो दिन में छह लोगों की बुखार से मौत हो गई। जबकि रावतपुर में एक युवक ने दम तोड़ दिया। सात लोगों की मौत के बाद सीएचसी की टीम ने गांव में शिविर लगाकर मरीजों का परीक्षण कर दवाएं दीं।
अभायन गांव में मंगलवार को उर्मिला (40), श्याम लाल (80) और प्रतिपाल (45) ने दम तोड़ दिया। सोमवार को प्रेमपाल (60), कप्तान (50) और नसीम बानो (50) की बुखार के चलते मौत हुई थी। सभी को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। हालत बिगड़ने पर कांट और शाहजहांपुर में जाकर दवा ली। प्लेटलेट्स कम होने के चलते मौत हो गई। इसी तरह रावतपुर निवासी महेश (45)को बुखार आ रहा था। सोमवार को बरेली ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। दो दिन में सात लाेगों की मौत हाेने के बाद सीएचसी प्रभारी ने विभाग की टीम को अभायन गांव में भेजा है। टीम ने शिविर लगाकर 43 लोगों की जांच की। 20 मरीज बुखार से पीड़ित हैं।
अभायन गांव की प्रधान अतरकली ने ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने के बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर रविवार को शिकायत की थी। इसके बाद मंगलवार को गांव में स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए पहुंची। इससे पहले तक अफसरों ने सुध तक नहीं ली। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में रोष है।