Pilibhit News: छह गांवों में जल रही पराली बुझवाई, सात किसानों से वसूला जुर्माना

बगैर एसएमएस के लगी कंबाइन से हो रही धान कटाई एसडीएम ने पकड़ी ।स्रोत – राजस्व विभाग
पूरनपुर। पराली जलाने की घटनाएं रोकने को अफसरों को पसीना बहाना पड़ रहा है। मंगलवार को तहसीलदार हबीबउर रहमान अंसारी ने छह गांवों में जल रही पराली को बुझवाया। साथ ही सात किसानों से ढाई-ढाई हजार रुपये जुर्माना वसूला।
एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने धान काटने के बाद पराली में किसान आग न लगा सकें। इसको लेकर क्षेत्र में घूमकर पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभाव की किसानों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव शेरपुर मकरंदपुर में एक किसान के खेत में बगैर एसएमएस (एक्स्ट्रा मैनेजिंग सिस्टम) लगे कंबाइन से धान की कटाई होती मिली।
इस पर कंबाइन स्वामी को बगैर एसएमएस लगाए धान की कटाई न करने की चेतावनी दी। तहसीलदार हबीबउर रहमान अंसारी ने बताया कि भ्रमण के दौरान गांव बेगपुर, चंदुइया, कुवंरपुर ताल्लुके घुंघचाई, पिपरिया मझरा, लुकटिहाई, खमरिया पट्टी में पराली में लगाई गई आग को बुझवाया गया। इसके साथ ही सात किसानों से ढाई-ढाई हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही दोबारा पराली जलाने पर कड़ी कार्रवाई कराने की चेतावनी दी गई।
पराली जलाने की जिद पर अड़े किसान के खिलाफ कार्रवाई
कलीनगर। तहसील क्षेत्र के गांव ग्राम बांसखेड़ा, मथना जप्ती, सुखदासपुर नवदिया, दयालपुर, चकपुर तालुका आनंदपुर व कलीनगर में अपर जिला अधिकारी राम सिंह गौतम, उपजिलाधिकारी कलीनगर एवं उप कृषि निदेशक ने निरीक्षण के दौरान जल रही पराली को बुझवाया। ग्राम बितौनिया खुर्द में पराली बुझाने गई राजस्व टीम के सामने किसान आ गया और पराली जलाने की जिद पर अड़ गया। इसपर रामकुमार पुत्र ताराचंद वार्ड नंबर 2 कलीनगर, अशोक कुमार पुत्र तिलक राम भैरों खुर्द के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की गई। संवाद

बगैर एसएमएस के लगी कंबाइन से हो रही धान कटाई एसडीएम ने पकड़ी ।स्रोत – राजस्व विभाग