Shahjahanpur News: सीवर लाइन का गड्ढा खोदने से लगा जाम
शाहजहांपुर। सीवर लाइन खोदे जाने से शहरवासियों की मुसीबत बढ़ती जा रही है। बारिश की वजह से कीचड़ और दलदल होने से राहगीरों व वाहनों का फिसलना आम हो गया गया है। इसके अलावा जाम की समस्या से भी उन्हें दो-चार होना पड़ रहा है। शनिवार को अंजान चौकी से कच्चा कटरा जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की ढिलाई से दिनभर जाम की स्थिति रही।
करीब एक सप्ताह पहले घंटाघर से कच्चा कटरा मोड की ओर से जाने वाले मार्ग पर पोस्ती पाकड़ में बाबा वनखंडी नाथ मंदिर के पास ही सीवर लाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था। बड़ी मशीन से गड्ढा खोदकर सड़क के नीचे से मिट्टी निकाली जा रही है और सीवर लाइन के पाइप डाले जा रहे हैं। जब से यह गड्ढा खोदा गया है, तब से ही इस मार्ग पर जाम की समस्या बनी हुई हैं।
24 घंटे इस मार्ग से वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में दिनभर वाहन चालक जाम में फंसे रहते है और घंटों तक परेशान होना पड़ता है। दिन में तेज धूप और गर्मी के चलते लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। यहां पर जाम की समस्या न बने इसके लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए है। वहीं, यातायात पुलिस भी दिखाई नहीं देती है।
खिरनीबाग से बेरी चौकी मार्ग पर भी लगता है जाम
खिरनीबाग से बेरी चौकी मार्ग पर भी जाम की समस्या बनी रहती है। इस मार्ग पर वाहनों का भार अधिक है। इसके साथ ही खिरनीबाग से इस्लामिया इंटर कॉलेज होकर कृष्णानगर में बिजली निगम के कार्यालय के पास पुलिया तक सीवर लाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था। उसकी अभी तक मरम्मत नहीं है। जबकि इसको काफी समय बीत चुका है। वर्तमान में रोड़ी पड़ी होने की वजह से भी राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
रेलवे स्टेशन रोड पर अतिक्रमण से लगता है जाम
रेलवे स्टेशन रोड पर होटल संचालकों व दुकानदारों ने सड़क पर कब्जा कर रखा है। बताया जाता है कि पहले इस मार्ग के किनारे नाला बहता था, जिस पर लोगों ने होटलों तथा दुकानों का निर्माण करवा लिया है। वहीं, दूसरी ओर स्टेशन की दीवार से लगी कई अवैध दुकानें बन गई हैं। स्टेशन पर किसी गाड़ी के आने पर ई-रिक्शा और वाहनों की संख्या अधिक होने पर जाम लग जाता है।