शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: लूट के लिए की गई थी शिवम की हत्या, बरेली से कार भी बरामद

Connect News 24

शाहजहांपुर। बरेली के सेटेलाइट से सवारी लेकर चले फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव दलपुरा निवासी शिवम गुप्ता (25) की हत्या कार लूटने के लिए ही की गई थी। हत्याकांड को सवारी बनकर आए दो बदमाशों ने मिलकर अंजाम दिया था। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार भी बरामद कर ली गई है।

सेटेलाइट बस अड्डे से मीरानपुर कटरा तक कार से सवारियां ले जाने वाले शिवम का शव शुक्रवार दोपहर मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन के पीछे मिला था। एसपी देहात संजीव वाजपेयी के निर्देशन में पुलिस की चार टीम हत्याकांड के खुलासे में लगी थीं। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिले। जिसके बाद पुलिस ने बरेली के हारुनगला निवासी अंश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि मीरानपुर कटरा निवासी अभिषेक के साथ मिलकर उसने सेटेलाइट से खुदागंज जाने के लिए शिवम से कार बुक की थी। रास्ते में दोनों ने शिवम से कार छीनने की कोशिश की लेकिन शिवम विरोध करने लगा। इस पर उसके सिर पर वजनी वस्तु से वार कर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में फेंककर कार लेकर भाग गए।

आज होगा घटना का खुलासा : पुलिस ने शिवम हत्याकांड का खुलासा लगभग कर दिया है। बताया जा रहा है कि दूसरे आरोपी के नजदीक पुलिस पहुंच गई है। उसकी गिरफ्तारी भी मंगलवार तक हो जाएगी। इसके बाद घटना का खुलासा किया जाएगा।

मां ने दामाद पर जताया था शक : शिवम की मां ने अपने दामाद और उसके परिवार पर हत्या का शक जताया था। बताया था कि भैयादूज वाले दिन शाम को उनकी बात शिवम से हुई थी। उसने घर आने के बजाय बरेली वाले मकान में रुकने की बात कही थी। भाई प्रशांत गुप्ता ने बहन के ससुराल वालों पर शक जताते हुए बहनोई अक्षय गुप्ता, उसके भाई अर्जुन, मुकुल और पिता रामसेवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि बहन शिखा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने पर शिवम पैरवी कर रहा था। इसी रंजिश में हत्या की गई है।

-कार लूटने के इरादे से शिवम की हत्या की गई थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संजीव वाजपेयी, एसपी देहात


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button