Shahjahanpur News: हमारे घर श्याम आए हैं…

कार्तिक मास के पहले दिन निकली प्रभातफेरी में नृत्य करते श्रद्धालु। स्त्रोत : मंदिर समिति
शाहजहांपुर। कार्तिक मास के पहले दिन शनिवार को कृष्णानगर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर से प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान भजन-कीर्तन भी हुए।
प्रभात फेरी में शामिल भक्त लड्डू गोपाल को लेकर डॉ. अनुज गोयल के आवास पर पहुंचे। यहां पं. अखिलेश शास्त्री ने पूजा संपन्न कराई। इसके बाद रविंद्र मिश्रा ने भजन हे प्रभु मुझे बताओ चरणों में कैसे आऊं… सुनाया। अनिल कक्कड़ ने हे करुणामयी राधे मुझे बस तेरा सहारा है…, नितिन ने हमारो धन श्री राधा श्री राधा श्री राधा, परम धन राधा राधा राधा…भजन सुनाकर मनमोह लिया। उनके बाद पार्थ सचदेव ने मेरी खुशियों का रहा न ठिकाना, ओ मेरे जैसा नहीं कोई भी दीवाना, हमारे घर श्याम आए हैं… भजन से माहौल को भक्ति से ओतप्रोत कर दिया। भजनों पर श्रद्धालुओं ने नृत्य कर फूलों की होली खेली। आरती के बाद भंडारा का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद मंदिर कमेटी की ओर से आशीर्वाद स्वरूप दी जाने वाली भेंट प्रधान सुशील नारंग ने डॉ. अतुल के परिजनों को दी। इस मौके पर प्रेम नारंग, डॉ. राकेश दीक्षित, डॉ. अनूप अग्रवाल, डॉ. रवि मोहन, डॉ. संगीता मोहन, डॉ. गेरा, सुरेंद्र सेठ, राजेश यादव, डॉ. हरीश सिम्मी सचदेव, मनोज अग्रवाल, डॉ. नवीन अग्रवाल, संजीव सचदेव, जसवंत सिंह, रवि सचदेव, जगदीश गोगिया, आशाराम गुप्ता आदि मौजूद रहे।

