शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: बीमारों को सेहतमंद, मुल्क की तरक्की के लिए उठे हाथ

Connect News 24

शाहजहांपुर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) बृहस्पतिवार को परंपरागत तरीके से उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने ईदगाह, जामा मस्जिद व मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क व कौम की तरक्की, बीमारों को सेहतमंद व मस्जिदों की हिफाजत के लिए दुआ मांगी। साथ ही गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद बकरे, भैंस के पड्डे आदि की कुर्बानी की गई।

सुबह करीब साढ़े छह बजे से ही लोगों का हद्दफ स्थित ईदगाह में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। परंपरागत लिबास में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाह में पहुंचे। साढ़े सात बजे शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने तकरीर कर बकरीद पर रोशनी डाली। ईदगाह कमेटी के सचिव सैयद कासिम रजा ने ईदगाह की आय-व्यय का ब्योरा पेश किया। इसके बाद शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने दो रकआत नमाज अदा कराई। उन्होंने खुत्बा पढ़ने के बाद दुआ की, जिसमें हजारों लोगों ने आमीन की सदाओं को बुलंद किया।

लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद

ईद की नमाज के बाद लोगाें ने एक-दूसरे से गले मिलकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। बच्चे, बुजुर्ग व युवा भी गले मिले। देर रात तक एक-दूसरे के घराें पर जाकर मुबारकबाद देने का सिलसिला जारी रहा।

मेले में हुई खरीदारी, बच्चों ने लिया झूले का आनंद

ईदगाह में मेला भी लगाया गया। नमाज के बाद सबसे अधिक भीड़ हलुआ-पराठे की दुकानों पर रही। यहां पर खूब खरीदारी हुई। इसी तरह कॉस्मेटिक की दुकानों पर भीड़ रही। बच्चों ने झूले का आनंद लिया।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, एसपी ने खुद संभाला मोर्चा

ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसपी अशोक कुमार मीणा ने पहले ही सुरक्षा का खाका खींच लिया था। हर धार्मिक स्थल के पास पुलिस तैनात रही। बड़ी ईदगाह में एसपी ने खुद ड्यूटी प्वाइंट को चेक किया। ड्रोन के जरिये निगरानी भी रखी गई। नमाज खत्म होने के बाद एसपी अशोक मीणा, एडीएम संजय पांडेय आदि ने शहर इमाम से ईद मिलकर मुबारकबाद दी। नगर मजिस्ट्रेट डॉ.वेदप्रकाश मिश्रा, एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, एलआईयू इंस्पेक्टर सीपी सिंह आदि भी मौजूद रहे।

सपा का लगा कैंप, कांग्रेस ने दी मुबारकबाद

ईदगाह के बाहर सपा का कैंप लगाया गया, जिसमें जिलाध्यक्ष तनवीर खां, पूर्व विधायक राजेश यादव, उपेंद्र पाल सिंह,रणंजय यादव, केके कठेरिया आदि ने लोगों से गले मिलकर मुबारकबाद दी। इसी तरह कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष पवन सिंह, अनस इकबाल आदि ने गले मिलकर बधाई दी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button