Rampur News: खेत पर जा रहे किसान की सांड़ के हमले में मौत
सैफनी। क्षेत्र के ताजपुर बेहटा गांव में खेत पर जाते समय किसान चाऊराम (62) पर सांड़ ने हमला कर दिया। सांड़ ने किसान पर सींग से तब तक हमला किया, जब तक मौत नहीं हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किसान चाऊराम बृहस्पतिवार शाम लगभग 5:30 बजे अपने खेत पर जा रहे थे। गांव से ही कुछ दूरी पर घूम रहे सांड़ ने किसान पर हमला कर दिया। सांड़ ने किसान पर सींग से कई बार मिला किया। आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर जब तक पहुंचे तब तक किसान की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिजनों के साथ ही तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। किसान अपने घर में पत्नी और छोटे बेटे के साथ रहता था। उसके दो बेटे बाहर रहते हैं।
ग्रामीणों की सूचना हल्का लेखपाल अमन व्यास व थाना प्रभारी अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सांड़ के हमले में किसान की मौत की सूचना मिलने पर एसडीएम शाहबाद सुनील कुमार के निर्देश पर पहुंची नगर पंचायत टीम ने सांड़ को पकड़ लिया। इसके बाद सांड़ को किरा गोशाला भेजा गया।
एक माह पहले जाग जाता प्रशासन तो नहीं जाती जान
एक माह पूर्व सैफनी की साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आए एक व्यक्ति पर इसी सांड़ ने हमला किया था। जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं थी। आसपास के लोगों ने लाठी-डंडे लेकर सांड़ को भगा दिया था, जिससे व्यक्ति की जान बच गई थी। उसका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया था। इसके बाद लोगों ने सांड़ को पकड़वाने की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। अगर तभी सांड़ को पकड़ लिया जाता तो ये हादसा न होता।