शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: डेंगू से समाजसेवी की मौत, बुखार से प्रधान समेत तीन ने तोड़ा दम

Connect News 24

Social worker died due to dengue, three including Pradhan died due to fever

शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्ट्रेचर पर लेटे मरीज को ग्लूकोज की बोतल लगाई गई। संवाद

शाहजहांपुर। वायरल बुखार व डेंगू-मलेरिया का प्रकोप थम नहीं रहा है। जिले में बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित हैं। अब डेंगू ने भी गति पकड़ ली है। इसके चलते लोगों में काफी ज्यादा दहशत है। सफाई व्यवस्था के बेहतर इंतजाम नहीं होने के चलते मच्छर पनप रहे हैं। इधर, परौर में समाजसेवी की डेंगू के चलते मौत हो गई। जबकि पुवायां निगोही, कलान में प्रधान समेत तीन की मौत हो गई।

पुवायां। गांव धर्मंगदपुर जप्ती की प्रधान 31 वर्षीय प्रीति शर्मा का बुखार से निधन हो गया है। तमाम लोगों ने प्रधान के घर पहुंचकर दुखी परिवार को सांत्वना दी है। प्रीति शर्मा के देवर विशाल शर्मा ने बताया कि उनकी भाभी गांव धर्मंगदपुर जप्ती की प्रधान थीं। प्रीति शर्मा को तीन दिन पहले बुखार आया था। उनका पुवायां के निजी अस्पताल से इलाज चल रहा था। लाभ नहीं होने पर उनको शाहजहांपुर और बाद में बंथरा ले जाया गया था। बंथरा में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। प्रधान के निधन पर अखिल भारतीय प्रधान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विपिन मिश्रा, पुवायां के ब्लाक अध्यक्ष देवेंद्र अवस्थी सहित तमाम लोगों ने उनके घर पहुंचकर दुखी परिवार को सांत्वना दी।

उधर गांव नाहिल में बुखार से तमाम लोग पीड़ित हैं। कई रोगियों का बरेली में इलाज चल रहा है और कई रोगी पुवायां और आसपास निजी डॉक्टरों से इलाज करा रहे हैं। गांव के लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के लोग बुखार पीड़ितों की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

निगोही के गांव जहानपुर निवासी इंद्रजीत भोजवाल की चार साल की बेटी आराध्या का बुखार के चलते मौत हो गई। उसे रविवार की सुबह तेज बुखार आया था। बुखार अधिक होने के चलते उसे झटके आने लगे थे। परिजन उसे निगोही के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे शाहजहांपुर रेफर किया। सुबह आराध्या की मौत हो गई।

परौर। क्षेत्र के गांव कुंडली निवासी राम प्रकाश सिंह (72) की डेंगू के चलते मौत हो गई। सामाजिक कार्यों में हिस्सेदारी रखने वाले रामप्रकाश को दो दिन पहले तेज बुखार आया था। परिजन ने जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई। परिजन उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में लेकर जा रहे थे। जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। मिर्जापुर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदेश रस्तोगी ने बताया कि गांव में मच्छरों के मारने की दवा का छिड़काव कराया जा रहा।

कलान। नगर के वार्ड नंबर तीन उल्फतनगर के कस्तूरबा गांधी स्कूल के नजदीक रहने वाले धनपाल सक्सेना के बेटे सुदीप सक्सेना को पांच दिन से बुखार आ रहा था। सुदीप का बदायूं में उपचार चल रहा था। रविवार शाम परिजन उसे घर ले आए थे। रात में उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन बरेली ले गए। सोमवार दोपहर में उसकी मौत हो गई।

फोटो 37 से 39

नहीं संभल रही व्यवस्थाएं, सारे दावे हो रहे फेल

राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्राॅमा सेंटर में एक बेड पर लिटाए जा रहे दो से तीन मरीज

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। वायरल बुखार के प्रकोप फैलने के चलते राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं पटरी पर नहीं आ रहीं हैं। डीएम के निर्देश के बाद भी ट्राॅमा सेंटर में एक बेड पर दो मरीज लिटाकर उपचार किया जा रहा। इसके अतिरिक्त नालियों में जलभराव के साथ मच्छर तक पनप रहे हैं और अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

रविवार को अवकाश के चलते सोमवार को ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी में 1321 नए पर्चों पर मरीजों ने उपचार कराया। पुराने पर्चों पर भी बड़ी संख्या में मरीजों ने डॉक्टर को दिखाकर परामर्श लिया। इसी तरह ट्राॅमा सेंटर में एक-एक बेड पर दो से तीन मरीजों को लिटाकर उपचार किया गया।

जहां बेड कम पड़ गए वहां मरीजों को स्ट्रेचर पर लिटाकर उपचार किया गया। इतनी खराब हालात होने के चलते संपन्न परिवार के तीमारदार मरीजों को निजी अस्पताल में ले जाने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी ओर मरीजों को बेड तक मिलना मुश्किल हो रहा है। वार्डों में अतिरिक्त बेड डलवाने के बाद भी मरीजों को बेड के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

शौचालय में जाना मुश्किल, नालियों में पनप रहे मच्छर

शुक्रवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। उसके बाद भी सुधार नहीं किया गया। अस्पताल में शौचालय में दुर्गंध के कारण पैर रखना मुश्किल हो गया था। जगह-जगह गंदगी भरी थी तो नालियों तक सफाई नहीं हो रही थी। ट्राॅमा सेंटर के सामने नाली से पानी बाहर बह रहा था। इसमें मच्छर तक पनप रहे थे।

मरीजाें की संख्या को देखते हुए इमरजेंसी को बढ़ाने की तैयारी चल रही है। यह कार्य होने से मरीजों को राहत मिलेगी। सीमित संसाधनों में मरीजों का उपचार किया जा रहा है।

– डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य

मलेरिया का दो रोगी मिला, 10131 मरीजों का उपचार

शाहजहांपुर। जिले की स्वास्थ्य इकाइयों पर सोमवार को 10131 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान मलेरिया के दो रोगी मिले, जबकि डेंगू का मरीज नहीं मिला। सीएचसी-पीएचसी पर आने वाले 2235 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें दो मलेरिया के रोगी सामने आए हैं। इसके अतिरिक्त 27 मरीजों को रेफर किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसपी गंगवार ने बताया कि अक्तूबर में 13562 घरों की जांच की गई। अभी तक 78246 घरों की जांच की जा चुकी है। इसमें से 1611 घरों में मच्छरों के लार्वा मिलने पर नष्ट कराया गया। संवाद

शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्ट्रेचर पर लेटे मरीज को ग्लूकोज की बोतल लगाई गई। संवाद

शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्ट्रेचर पर लेटे मरीज को ग्लूकोज की बोतल लगाई गई। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button