Shahjahanpur News: बेटा बुलाए झट दौड़ी चली आएं मां…

रौतापुर कलां में महामाई के जागरण में झांकी प्रस्तुत करते कलाकार। संवाद
– गांव रौतापुर में आयोजित महामाई के जगराते में लक्खा के भजन सुनने के लिए उमड़ी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां। मां दुर्गा जागरण सेवा समिति रौतापुर कलां की ओर से आयोजित महामाई के जगराते में भजन सम्राट लखवीर सिंह लक्खा के भजन सुनने के लिए आई भीड़ के चलते पंडाल छोटा पड़ गया। तमाम लोगों ने पंडाल के बाहर से लक्खा के भजनों का आनंद लिया।
आरएस ग्रुप गोला के बैनर तले आयोजित जगराते में बृहस्पतिवार शाम होते ही रौतापुर कलां और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग तमाम वाहनों से जागरण स्थल पहुंचना शुरू हो गए थे। पुलिस ने श्रद्धालुओं के वाहनों को दूर खड़ा कर उनके बैठने की व्यवस्था कराई। जागरण शुरू होने से दो घंटे पहले ही पंडाल पूरी तरह भर गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समिति के सदस्यों को महामाई की पूजा कराकर जागरण का शुभारंभ किया गया।
लखवीर सिंह के मंच के पास बने माता के भवन में आकर मत्था टेकते ही भीड़ बेकाबू हो उठी। सेवादारों ने बमुश्किल लोगों को शांत किया। उनके मंच पर आते ही जागरण स्थल पर मौजूद हजारों की भीड़ ने माता के जयकारों से उनका स्वागत किया। लक्खा ने अमृत की बरसे बदरिया, प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी, आए नवरात्रे माता के, आज तेरा जगराता माता, बेटा बुलाए झट दौड़ी चली आए मां, द्वारे चलिए मैया के द्वारे चलिए आदि भजन गाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आधी रात के समय माता को छप्पन भोग लगाया गया। मंच के पास बने माता के दरबार में बड़ी संख्या में लोगों ने मत्था टेका। कपिल बाबरा इंटरनेशनल ग्रुप की ओर से प्रस्तुत की गई झांकियों को लोगों ने खूब सराहा। शुक्रवार सुबह तारा रानी की कथा के साथ जागरण का समापन हुआ। इसके बाद चने और हलुए का प्रसाद वितरित किया गया।

रौतापुर कलां में महामाई के जागरण में झांकी प्रस्तुत करते कलाकार। संवाद