Shahjahanpur News: कर्नाटक से चोरी कर भागे तीन नेपालियों को एसएसबी ने पकड़ा

गौरीफंटा बार्डर पर एसएसबी द्वारा पकड़े गए नेपाली चोर।
गौरीफंटा। कर्नाटक के एक घर से चोरी करके भागे तीन नेपाली युवकों को एसएसबी ने गौरीफंटा बॉर्डर से पकड़ लिया। उनके पास से नकदी और सोने के जेवर भी बरामद हुए हैं। तीनों नेपालियों को बरामद माल समेत पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
गौरीफंटा एसएसबी के एसआई राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे जवानों द्वारा बॉर्डर पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान धनगढ़ी की तरफ जा रहे तीन नेपाली युवकों को संदिग्ध होने पर उनकी तलाशी ली गई तो तलाशी में उनके पास से 60 हजार रुपये की नकदी और कुछ सोने के जेवर बरामद हुए। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम राजू, किरण व विकास निवासी बझांग नेपाल बताया है। तीनों ने बताया कि वह कर्नाटक के एक घर में काम करते थे, जहां से चोरी कर घर जा रहे थे। एसएसबी ने तीनों को गौरीफंटा पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। बता दें कि रविवार को भी देहरादून में चोरी कर भागे दो नेपालियों को एसएसबी ने बॉर्डर से पकड़ा था। संवाद

