Shahjahanpur News: छात्र और महिला ने फंदे से लटककर दी जान
शाहजहांपुर। जिले में अलग-अलग घटनाओं में 12वीं के छात्र समेत दो लोगों ने फंदे से लटककर जान दे दी। छात्र की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं, बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनाें के सुपुर्द कर दिया है।
मोबाइल चार्जिंग पर लगाने गया युवक फंदे से लटका मिला
कलान थाना क्षेत्र के गांव भरामई बालाजी नगर निवासी धर्मपाल के 17 वर्षीय पुत्र और मकरंद सिंह इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र राघवेंद्र रविवार की रात करीब साढ़े दस बजे खाना खाने के बाद मोबाइल को चार्जिंग पर लगाने के लिए छत पर गया था। वहां कमरे में उसने रस्सी के फंदे से लटककर जान दे दी। बूंदाबांदी होने के चलते परिजन काफी देर तक कमरे में नहीं गए। बारिश बंद होने पर परिजनों की नजर पड़ी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रात में ही पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच भी की है। मां रामसनेही, भाई देवेंद्र व इंद्रजीत का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फोटो नंबर 20
घर से दूर चांदनी के पेड़ से
लटका मिला महिला का शव
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ककरा खुर्द निवासी इब्ने हसन की पत्नी कैसर जहां (50) का शव घर से दूर चार्जिंग स्टेशन के पास चांदनी के पेड़ से लटका मिला। वह मानसिक रूप से बीमार थीं और करीब डेढ़ साल से उपचार चल रहा था।
कैसर जहां रविवार सुबह आठ बजे घर से निकली थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रात करीब आठ बजे उसका शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटके होने की सूचना मिली। परिजनों ने जाकर कैसर जहां के रूप में शिनाख्त की। पति इब्ने हसन ने बताया कि कैसर जहां की करीब डेढ़ वर्ष से दवा चल रही थी। वह कई बार जान देने की कोशिश कर चुकी थीं। उनके चार बेटे और चार बेटियां हैं।
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा पुवायां के छात्रा शव
पुवायां के जेबां निवासी अहसान मोहम्मद के 18 वर्षीय पुत्र साहिल ने रविवार को मकान में टिनशेड में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटककर जान दे दी थी। वह गांव स्थित कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ता था। सोमवार को उसके शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। शव घर पहुंचने पर परिवार के सदस्य बिलख पड़े।