Shahjahanpur News: बेटी की ससुराल जा रहे व्यक्ति की बाइक छीनी, पीटकर किया घायल
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 08 Aug 2023 02:48 AM IST
पुवायां। पुत्री की ससुराल जा रहे एक व्यक्ति की बाइक को कुछ लोग सड़क किनारे से उठा ले गए। टोकने पर उन्होंने युवक को बुरी तरह पीट। युवक बेहोशी की हालत में एक धर्मस्थल पर पड़ा रहा।
गांव अनंतापुर निवासी जवाहर ने अपनी पुत्री की शादी गांव चौढ़ेरा में की है। वह छह अगस्त की रात बाइक से पुत्री की ससुराल जा रहे थे। बताया कि चौढ़ेरा से पहले गांव घनश्यामपुर बुजुर्ग के पास वह शौच जाने के लिए अपनी पैंट बाइक पर टांग गए। तभी किसी ने बाइक गायब कर दी। पैंट में रखा मोबाइल फोन और डेढ़ हजार रुपये भी निकाल लिए गए। पैंट कुछ दूर फेंक दी गई।
उन्होंने कुछ दूर मौजूद तीन लोगों से पूछा तो उन्होंने उसे जमकर पीटा। इससे वह बेहोश हो गए। होश में आने पर वह एक धर्मस्थल पर जाकर लेट गए। सुबह पुत्री के ससुराल वाले उधर से गुजरे तो उन्होंने पहचान कर आवाज दी। उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने जवाहर को पुवायां सीएचसी भिजवाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है।

