Shahjahanpur News: चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में छात्र की मौत

संदीप कुशवाहा का फाइल फोटो। ट्रेन से कूदने से मौत वाली खबर
शाहजहांपुर। मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर जैतपुर निवासी 24 वर्षीय संदीप कुशवाहा की चलती कुंभ एक्सप्रेस से उतरने की कोशिश में गिरने से मौत हो गई। वह बरेली से जीएफ कॉलेज में बीकॉम की परीक्षा देने आया था। कुंभ एक्सप्रेस का शाहजहांपुर स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं है। माना जा रहा है कि संदीप ने ट्रेन की गति धीमी होने पर उतरने की कोशिश की होगी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
संदीप के पिता वीरेश कुशवाहा की करीब 13 साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उनकी पत्नी गुड्डी देवी ने जसे-तैैसे परिवार को संभाला। बड़ा बेटा संदीप जीएफ कॉलेज से बीकॉम कर रहा था, जबकि तीन बेटियों में सबसे बड़ी पूजा बरेली में बीयूएमएस कर रही है। संदीप अपनी बहन के साथ बरेली में सेटेलाइट बस अड्डे के पास किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता था। शनिवार से शुरू हुईं रुहेलखंड विश्वविद्यालय की व्यक्तिगत परीक्षा देने के लिए संदीप शाहजहांपुर आया था।
सुबह पांच बजे वह बरेली से कुंभ एक्सप्रेस में सवार हुआ। ट्रेन का बरेली से चलने के बाद सीधे लखनऊ में स्टॉपेज है। ट्रेन शाहजहांपुर स्टेशन पर न रुककर आगे बढ़ गई। इस बीच कचहरी हॉल्ट पर ट्रेन की गति कम हुई तो संदीप ने उतरने की कोशिश की, तभी वह लड़खड़ा कर नीचे गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बहन ने संदीप के फोन पर कॉल की तब मिली हादसे की खबर
तीन बहनों का संदीप इकलौता भाई था। उसकी मौत के बाद पुलिस को मोबाइल मिला। दरोगा करुणेश शुक्ला ने परिजनों का नंबर तलाशने का प्रयास किया, लेकिन लॉक लगा होने के कारण नंबर नहीं मिल सका। उन्होंने फोन पर कॉल आने का इंतजार किया। इसी बीच संदीप की बहन पूजा ने फोन किया तो उन्हें घटना की जानकारी दी गई। भाई की मौत से पूजा, आरती और दीपिका को रो-रोकर बुरा हाल है।

संदीप कुशवाहा का फाइल फोटो। ट्रेन से कूदने से मौत वाली खबर