Shahjahanpur News: स्कूटी और बाइक से स्कूल नहीं जा पाएंगे छात्र-छात्राएं
शाहजहांपुर। कम उम्र में स्कूटी और बाइक लेकर चलने वाले छात्र-छात्राओं पर शिकंजा कसा जाएगा। मंडलायुक्त के निर्देश के बाद जिले में शनिवार से चेकिंग अभियान चलाकर स्कूटी व बाइक से तेज गति से रफ्तार भरने वाले विद्यार्थियों को रोका जाएगा। पहली बार चेतावनी देने के बाद फिर चालान किया जाएगा।
बच्चों के साथ हुए हादसों को देखते हुए मंडलायुक्त ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को यातायात पुलिस व परिवहन विभाग ने बैठक कर खाका तैयार किया। यातायात पुलिस ने स्कूलों से समन्वय स्थापित कर कम उम्र में स्कूटी-बाइक चलाने वालों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके तहत स्कूलों के पास मेसेज भेजे गए, जिसमें बच्चों को वाहन नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।
सीओ यातायात जगदीश लाल टम्टा ने बताया कि हादसों को रोकने के लिए तेजी गति से वाहन चलाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए शनिवार से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पहली बार पकड़े जाने पर एक मौका दिया जाएगा। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
–
अभिभावक भी समझें अपनी जिम्मेदारी
काफी कम उम्र के बच्चे भी वाहन को लेकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। इसके चलते आए दिन हादसे होते रहते हैं। एआरटीओ प्रवर्तन शांतिभूषण पांडेय ने बताया कि अभिभावक भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बिना लाइसेंस के बच्चों को वाहन नहीं चलाने दें।
–
ई-रिक्शा भी आए निशाने पर, दो वैन व एक बस पर कार्रवाई
परिवहन विभाग ने वैन के साथ ई-रिक्शों पर कार्रवाई का खाका तैयार किया। ई-रिक्शे पर बच्चों को लटकाकर चलने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में शुक्रवार को दो वैन व एक बस को मानक पूर्ण नहीं करने पर सीज कर दिया गया। इन्हें पिपरौला व एआरटीओ कार्यालय में खड़ा कराया गया है।