Shahjahanpur News: सिंथेटिक मैट पर होगी सब जूनियर बालिका कबड्डी

स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान में लगी मंडलों के नाम की पट्टिकाएं। संवाद
शाहजहांपुर। नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में 21 से 23 सितंबर तक प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता कराई जाएगी। खिलाड़ियों को चोट न लगे इसलिए प्रतियोगिता सिंथेटिक मैट पर कराई जाएगी।
अब तक स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी प्रतियोगिताएं मैदान में कराई जाती थीं। मैदान की जमीन पर खेल के दौरान चोट लगने का खतरा रहता है। इसे ध्यान में रखकर इस बार सिंथेटिक मैट का इंतजाम किया जा रहा है। उसी पर खिलाड़ी कबड्डी खलेंगे। इस दौरान अगर वह गिरते हैं और खींचतान होती है तो किसी को चोट लगने की आशंका बहुत कम होगी। यह निर्णय खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए ही लिया गया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी वमनिया ने बताया कि सिंथेटिक मैट का इंतजाम हो गया है। मैट बदायूं से आएगी। बताया कि सिंथेटिक मैट की चौड़ाई एक गुणा एक और मोटाई 2 से 2.5 इंच तक की होगी। इस पर गिरने से चोट नहीं लगती। इन मैट को आपस में जोड़ने के लिए सांचे होते हैं, जबकि मार्किंग टेप लगाकर की जाएगी।
तैयार कराई गई मंडलों की पट्टिकाएं, मैदान का हो रहे समतलीकरण
प्रतियोगिता में 18 मंडलाें की टीमें शामिल होंगी। इनमें बरेली, मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, बस्ती, मेरठ, मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, बस्ती, मेरठ, सहारनपुर, इलाहाबाद, मिर्जापुर, वाराणसी, आजमगढ़, फैजाबाद, देवीपाटन, झांसी, चित्रकूट, कानपुर, लखनऊ की टीमें और एक खेल छात्रावास की टीम रहेगी। जिनकी पट्टिकाओं को तैयार करवा लिया गया है। इसके साथ ही मैदान को समतल करने व घास की कटिंग आदि का काम भी तेज हो गया है।
स्टेडियम तक पहुंचने के लिए बसों का रहेगा इंतजाम
स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाली प्रदेश स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता को देखने के लिए स्कूल और कॉलेजों से विद्यार्थी व अन्य लोग आसानी से पहुंच सके इसके लिए स्टेडियम तक बसों के संचालन की व्यवस्था कराए जाने का प्रयास भी होगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि इसके लिए एआरएम तथा स्कूल संचालकों से बातचीत की जा रही है।
खिलाड़ियों के रुकने और भोजन की रहेगी व्यवस्था
प्रदेश से आने वाले खिलाड़ियों के रुकने और भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। सभी खिलाड़ी 16 वर्ष तक की बालिकाएं होंगी। इसलिए उनकी सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए पुलिस-प्रशासन से सहयोग पहले ही मांग लिया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रहेगी।

स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान में लगी मंडलों के नाम की पट्टिकाएं। संवाद