शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: गर्मी से बिजली लाइनों पर आफत, जंपर जलने से 70 हजार घरों की आपूर्ति ठप

Connect News 24

Trouble on power lines due to heat, supply of 70 thousand houses stalled due to burning of jumper

शाहजहांपुर में इसी टॉवर पर जला था जंपर।

शाहजहांपुर/तिलहर। गर्मी बढ़ते ही बिजली संकट गहराना शुरू हो गया है। पुवायां रोड स्थित 220 केवी पैना ट्रांसमिशन से तिलहर को जाने वाली लाइन का टॉवर जंपर जलने से 13 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। तिलहर, मीरानपुर कटरा और जलालाबाद फीडर से जुड़े करीब 70 हजार घरों की बिजली गुल रही। पूरी रात इंजीनियर फाल्ट तलाश करने में जुटे रहे। सुबह फाल्ट दूर किया जा सका। शहर में बंच लाइन जलने से आपूर्ति बाधित हो गई।

सोमवार शाम करीब छह बजे तिलहर की टॉवर लाइन ट्रिप हो गई। इसके चलते तिलहर ट्रांसमिशन से जुड़े तिलहर टाउन व ग्रामीण इलाका, मीरानपुर कटरा, जलालाबाद के एक फीडर की सप्लाई बाधित हो गई। बिजली गायब होने से भीषण गर्मी में लोग परेशान हो गए। लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर फोन करना शुरू कर दिए। जहां से फाल्ट होने की जानकारी मिली। इधर, इंजीनियरों ने लाइन पर गश्त शुरू कर फाल्ट की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत करने के बाद भी लाइन फाल्ट नहीं मिला।

इसके बाद पैना ट्रांसमिशन से संंबंधित उपखंड अधिकारियों को अपनी टीम के साथ लाइन पर गश्त करने के निर्देश दिए गए। पूरी रात टीमें लाइन में फाल्ट तलाश करती रहीं। सुबह नगरिया मोड़ के पास खंभा नंबर 33 पर जंपर जला मिला। उसे सही करने के बाद सुबह सात बजे बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। दूसरी ओर बिजली गुल होने पर लोगों के घरों के इन्वर्टर डाउन हो गए। गर्मी के कारण लोग रात भर करवटें बदलते रहे।

अधिकारियों ने फोन नहीं उठाए, लोगों में आक्रोश

बिजली गुल होने के बाद निगम के अधिकारियों व जेई और कर्मचारियों ने फोन तक नहीं उठाए। इसके बाद लोगों ने विद्युत उपकेंद्रों पर फोन कर खरी-खोटी सुनाई। अधिकतर ने अपने फोन बंद कर लिए ताकि लाइन की गश्त करते समय व्यवधान न पड़े।

तिलहर जाने वाली हाईटेंशन लाइन पर जंपर जलने के कारण बिजली गायब हो गई थी। निगम की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद सप्लाई को बहाल कराया है। – सौरभ शाक्य, एसडीओ तिलहर

गर्म होकर बंच लाइनें टूटकर गिरीं, बिजली गुल

शाहजहांपुर। ग्रामीण इलाकों के साथ बिजली शहरी क्षेत्र में भी रुला रही है। मंगलवार को कई जगह पर बंच लाइनें गर्म होकर टूट गई, जिसके चलते बिजली गुल हो गई। अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र के कच्चा कटरा के पास सुबह चार बजे बंच लाइन जल गई। बंच लाइन में आग लगने के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से सुबह की नींद में खलल पड़ गया। कर्मचारियों की टीम ने सुबह करीब आठ बजे लाइन को सही करने के बाद आपूर्ति को बहाल कराया। इसी तरह बहादुरगंज उपकेंद्र के झंडाकलां फीडर पर शाम करीब पांच बजे बीके की चक्की के पास बंच लाइन टूटकर गिर गई। यहां भी करीब एक घंटे बिजली सप्लाई बंद रही। अधिकारियों के अनुसार, लोड बढ़ने के कारण बिजली की लाइनें ओवरलोड हो गई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button