शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: सर्वे तय करेगा भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार की किस्मत

Connect News 24

शाहजहांपुर। केंद्र में भाजपा की सरकार को तीसरी बार भी पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाने के लिए पार्टी ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है। इस बार जनता के बीच लोकप्रिय नेता को टिकट देने के लिए पार्टी सर्वे का सहारा ले रही है। जनता और कार्यकर्ताओं के बीच जाकर प्रत्याशी की छवि के बारे में पता लगाया जाएगा, जिसके बाद ही टिकट पर मुहर लगेगी।

2019 के लोकसभा चुनाव में सपा और बसपा से गठबंधन के बावजूद भाजपा को प्रचंड जीत मिली थी। भाजपा के प्रत्याशी अरुण सागर को 6,88,990, बसपा के प्रत्याशी अमर चंद्र जौहरी को 4,20,572 वोट मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी ब्रह्मस्वरूप सागर 35,283 वोट पर ही सिमट गए थे। उस चुनाव में अंतिम समय में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री कृष्णाराज का टिकट काटकर अरुण सागर पर भरोसा जताया गया था। 2024 के आम चुनाव में करीब छह महीने शेष हैं। ऐसे में भाजपा ने प्रत्याशी की मजबूती परखनी शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर के नेताओं से प्रतिक्रिया लेने के बजाय पार्टी अन्य एजेंसी के माध्यम से करीब डेढ़ माह पहले एक सर्वे करा चुकी है। एजेंसी ने शहर से लेकर देहात और कस्बों तक जाकर वर्तमान सांसद की लोकप्रियता को जाना। इस बीच विपक्षी पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने रखकर जानकारी भी ली गई, जिसकी रिपोर्ट सर्वे में मिल गई है। वहीं, अब दिसंबर में संगठन एक और सर्वे कराने जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक, टिकट वितरण से पहले जनवरी में एक और सर्वे कराया जाएगा। मानकों पर खरा उतरने के बाद ही पार्टी के प्रत्याशी का चयन किया जाएगा।

वर्तमान में ये है स्थिति : शाहजहांपुर लोकसभा सीट पर टिकट को लेकर वर्तमान सांसद अरुण सागर ने तैयारी तेज कर दी है। वह लगातार लोगों के संपर्क में हैं। अरुण सागर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के करीबी माने जाते हैं। टिकट की रेस में पूर्व मंत्री कृष्णाराज का नाम भी सामने आ रहा है। पिछली बार टिकट कटने के बावजूद कृष्णाराज लोगों के बीच जाती रहीं और अब भी काफी सक्रिय हैं। पूर्व मंत्री कृष्णाराज की राष्ट्रीय नेताओं और आरएसएस के पदाधिकारियों में भी मजबूत पकड़ है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button