Shahjahanpur News: सीने पर सटाकर मारी गई थी गोली जो आरपार निकल गई
शाहजहांपुर। गढि़या रंगीन थाना क्षेत्र के गांव बिरिया कलां निवासी सुरेंद्र के पुत्र अजय पाल सिंह यादव (22) के सीने पर सटाकर गोली मारी गई। अजय के तीन गोली मारी गईं थीं। सीने व जांघ से गोली आरपार हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली रायफल या तमंचे से मारे जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, जीभ काटने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या हाेने की बात सामने आई है। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है।
अजय पाल कक्षा आठवीं पास था। वह पांच भाई व चार बहनें हैं। अजय आटा चक्की चलाता था। मंगलवार की रात को अपने पिता सुरेंद्र की चारपाई के पास सो रहा था। रात करीब तीन बजे सुरेंद्र की आंख खुली तो अजय गायब मिलने पर तलाश शुरू की गई। परिजन पहले धान की रखवाली की बात सोचते रहे। उसके नहीं आने पर तलाश शुरू की गई थी। बृहस्पतिवार को साढ़े तीन बजे मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव मकरंदपुर के पास खेत में उसका शव पड़ा मिला था। उसके सीने पर एक व जांघ पर दो गोलियां लगीं थीं। देर रात में एसपी अशोक मीणा भी मौके पर पहुंचे थे। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में सीने पर नजदीक से गोली मारने की बात स्पष्ट हुई।
खुले राज तो आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। मृतक का मोबाइल गायब होने के बाद उस दिशा में पड़ताल की गई। मोबाइल नंबर के जरिये ही पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में सारीं परतें खुल गईं। पुलिस ने दो आराेपियों को गिरफ्तार किया है। ये रिश्ते में साले और बहनोई बताए जा रहे हैं। बिरियाकलां व घटनास्थल के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी है। पुलिस ने मृतक के गांव के ही आरोपियों को पकड़ा है। माना जा रहा है कि गोली मारने के बाद अंधेरे में ही शव को दूर लाकर डाला गया है।
प्रथमदृष्टया प्रेम-प्रसंग को लेकर हत्या हुई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की कई टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है।
– सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी