Shahjahanpur News: आजादी के पर्व की उमंग में चटख रहा बाजार का रंग
शाहजहांपुर। आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए हर कोई तैयारी में जुटा है। बच्चों से लेकर बड़े तक सभी देशभक्ति से ओतप्रोत होना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने और हर-घर तिरंगा लगाने की अपील की है। इसके चलते बाजार में तिरंगे की बिक्री बढ़ गई है। वहीं डाकघरों में पिछले दस दिन में 6419 झंडे बिक गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को मनाया जाएगा। पर्व के मद्देनजर 15 दिन पहले ही बाजार में तिरंगे झंडे, कैप, पटके, बैच, बैंड आदि बिकने के लिए आ गए थे। इनके अलावा साइकिल व बाइक पर लगाने के लिए स्टैंड वाला तिरंगा, महिलाओं के लिए चूड़ियां, बालों का क्लिप और दुपट्टा भी खूब बिक रहा है।
मालखाना मोड़ के पास तिरंगा बेचने वाले जफर ने बताया कि वह पिछले 60 वर्षों से स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस पर झंडे, पटके, कैप आदि बेचते आ रहे हैं। पहले इतनी अधिक बिक्री नहीं होती थी, जितनी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा लगाए जाने की अपील के बाद हो रही है। उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेज, सामाजिक संस्थाओं के लोग झंडे खरीदकर ले गए हैं। राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोग और आमजन भी तिरंगा खरीदने आ रहे हैं। बताया कि उन्होंने इस बार छोटे-बड़े सभी मिलाकर करीब पांच हजार झंडे बेचे हैं। इसी तरह से बहादुरगंज में दुकानदार सोनू ने बताया कि उन्होंने 2000 झंडे, कैप, बैंड आदि बेच दिए हैं। हर घर तिरंगा के लगाने के लिए अधिकांश लोग झंडे लेकर जा रहे हैं।
छोटा तिरंगा – 5 से 20 रुपये
पौन मीटर का तिरंगा – 50 रुपये
सवा मीटर का तिरंगा – 200 रुपये
खादी में 1.5 मीटर का तिरंगा – 300 रुपये
रीबन – 10 रुपये के तीन पीस
पटका डेढ़ मीटर – 20 रुपये
बैच का पैकेट – 10 से 25 रुपये
हाथ पर बांधने वाला बैंड – 5 से 30 रुपये
बाइक स्टैंड तिरंगा – 100 रुपये
साइकिल स्टैंड तिरंगा – 20 रुपये
कैप – 10 से 30 रुपये
चूड़ियां – 20 से 30 रुपये
बालों का क्लिप – 10 से 25 रुपये