Shahjahanpur News: अफसरों को सता रहा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की जमीन पर कब्जे का डर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 29 Apr 2023 01:00 AM IST
शाहजहांपुर। नगर से सटे शाहबाजनगर में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की साढ़े उन्नीस बीघा जमीन पर अधिकारियों को कब्जा होने का डर सता रहा है। जिला होम्योपैथिक अधिकारी ने चहारदीवारी के निर्माण के लिए बजट मांगा, लेकिन इन्कार कर दिया गया।
जिले में होम्योपैथिक चिकित्सा की हालत काफी खराब है। पीएचसी के कमरों में संचालित राजकीय होम्योपैथिक अस्पतालों में दवा रखने के साथ कर्मचारी और डॉक्टरों के बैठने तक के लिए जगह नहीं है। दूसरी ओर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए साढ़े उन्नीस बीघा जमीन शाहबाजनगर गांव में चार साल पहले आवंटित की गई थी। धन के अभाव में जमीन पर अभी निर्माण शुरू नहीं हो सका हैै। आसपास प्लॉटिंग शुरू होने से जमीन पर कब्जा होने का डर भी अधिकारियों को सता रहा है। चहारदीवारी के निर्माण के लिए मुख्यालय पत्र भेजकर बजट मांगा गया था, लेकिन इन्कार कर दिया गया।
वर्जन
शाहबाजनगर के पास जमीन खाली पड़ी है। उस पर निर्माण शुरू कराने के लिए बजट मांगा गया था। बजट आने के बाद चाहरदीवारी कराई जाएगी। – डॉ. सुमन, जिला होम्योपैथिक अधिकारी