Shahjahanpur News: युवती ने की नमस्ते, सपा के पूर्व पदाधिकारी ने खाली मकान में ले जाकर की छेड़खानी
शाहजहांपुर। घर से आफिस जा रही युवती को रास्ते में खड़ा देखकर ताऊ के दोस्त सपा के पूर्व पदाधिकारी ने उसे कार में बैठा लिया। आरोप है कि अपने मकान पर ले जाकर उसके साथ छेड़खानी की। किसी तरह वहां से बचकर भागी पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर बाजार के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती एक कार के शोरूम में काम करती है। उसने सदर थाने में तहरीर देकर बताया कि 27 सितंबर की सुबह करीब दस बजे वह नौकरी पर जा रही थी। रास्ते में ताऊ के दोस्त मिल गए। उनसे अंकल जी कहते हुए नमस्ते की। तभी आरोपी ने उसे कार्यालय छोड़ने के बहाने कार में बैठा लिया और ओसीएफ के पास स्थित अपने खाली मकान पर ले गया।
आरोप है कि मकान के दरवाजे बंद कर उसके साथ छेड़खानी की। जान से मारने की धमकी दी। वह किसी तरह छूटकर भागी। उसने सदर थाने में सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच की। पंचायत के जरिये समझौते का इंतजार भी किया गया। हल न निकलने पर बृहस्पतिवार रात को ओसीएफ कॉलोनी निवासी आरोपी पूर्व सपा पदाधिकारी विजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आरोपी से सपा ने पल्ला झाड़ा, भाजपा ने भी किया इन्कार
युवती से छेड़खानी के मामले में विजय से सपा और भाजपा ने अपना पल्ला झाड़ लिया है। हालांकि, वह भाजपा के कार्यक्रमों में देखे जाते रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने स्पष्ट कहा कि वह काफी समय पहले पार्टी में थे। अब लंबे समय से वह पार्टी में नहीं हैं। कार्यक्रमों में भी नहीं आते हैं। विधानसभा व नगर निकाय के चुनाव में भी कोई भूमिका नहीं रही। दूसरी ओर भाजपा की महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने कहा कि उन्होंने अभी जल्दी कार्यभार संभाला है। उन्हें विजय के बारे में कोई जानकारी नहीं है।