शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: पूछताछ कक्ष में सो गया प्रभारी, यात्रियों के हंगामे पर कुंडी तोड़कर जगाया

Connect News 24

शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन के पूछताछ काउंटर पर बुधवार की रात ड्यूटी पर तैनात प्रभारी टीटीई अपने चैंबर का दरवाजा बंदकर सो गया। ट्रेनों का अनाउंसमेंट न होने पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी के सिपाही मौके पर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब न मिला तो कुंडी तोड़कर उसे जगाया गया।

बुधवार की शाम करीब चार बजे पूछताछ काउंटर पर प्रभारी टीटीई विनीत सेन आया था। रात करीब आठ बजे अपने चैंबर के गेट को बंद कर फर्श पर लेटकर सो गया। इस बीच यात्रियों की भीड़ पूछताछ काउंटर पर लग गई। यात्रियाें ने ट्रेनों का अनाउंसमेंट न होने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अनाउंसमेंट न होने से यात्रियों को ट्रेनों के आने-जाने व लोकेशन का पता नहीं लग पा रहा था।

इधर, ट्रेनों का अनाउंसमेंट न होने पर पॉवर केबिन से भी पूछताछ काउंटर के सरकारी फोन पर कॉल की गई। उनका फोन भी रिसीव नहीं हो सका। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी को मेमो दिया गया। सूचना पर सीएमआई एसके ठाकुर और सुरक्षाकर्मी पहुंचे। दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई आहट नहीं हुई। खिड़की से झांकने पर प्रभारी टीटीई फर्श पर लेटा नजर आया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद सुरक्षाकर्मियों ने गेट की कड़ी को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और प्रभारी टीटीई विनीत सेन को जगाया। नशे में होने की आशंका के चलते रात में ही रोजा स्थित रेलवे के अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉ. संजय राय ने उसके खून का नमूना लिया। मामले में रिपोर्ट मंडल मुख्यालय भेजी गई।

सूचना आने पर सिपाहियों को मौके पर भेजा गया था। रेलवे के अफसरों ने टीटीई के खून का नमूना लिया है। इस मामले में कोई लिखित कार्रवाई का पत्र नहीं आया है। – अजय राय, कंपनी कमांडर, आरपीएफ

टीटीई के गेट बंद कर लेने पर रात में मौके पर गए थे। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर मंडल मुख्यालय भेजी गई है। वहीं से कार्रवाई तय होगी। – एसके ठाकुर, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई)


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button