शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: गांवों की रोड से बदतर हुआ हाईवे… जिम्मेदार बेखबर

Connect News 24

The highway became worse than the road in the villages... responsible unaware

खुटार मैलानी के बीच नेशनल हाईवे का हाल

खुटार। लखनऊ-पलिया हाईवे का खुटार से मैलानी के बीच का हिस्सा गांवों की सड़क से भी बदतर हो चुका है। कई जगहों पर तालाब जैसे बन चुके हाईवे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों ने चुप्पी साध रखी है।

लखनऊ-पलिया हाईवे सीधे नेपाल तक जुड़ा है। पलिया से केवल 35 किमी दूर गौरीफंटा बॉर्डर है। इसके बाद नेपाल की सीमा शुरू हो जाती है और नेपाल का धनगढ़ी कस्बा पड़ता है। इसी मार्ग पर पलिया से केवल दस किमी दूर प्रसिद्ध दुधवा नेशनल पार्क भी है। पर्यटन की दृष्टि से बेहद अहम इस हाईवे पर खुटार से मैलानी तक 15 किमी का सफर लोगों को बेहद खलता है।

लखनऊ-पलिया हाईवे पर कई जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी भर जाने से गड्ढों का पता नहीं चलता है और हादसा हो जाता है। बाइक सवार तो अक्सर गिरकर हाथ, पैर तुड़वा बैठते हैं। दुधवा नेशनल पार्क जाने वाले सैलानी एक बार इस रोड पर निकलने के बाद वापस इधर से जाना नहीं चाहते। तमाम बार मांग करने के बाद भी हाईवे की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।

शाहजहांपुर से खुटार तक चल रहा निर्माण कार्य

लखनऊ-पलिया हाईवे को दस मीटर चौड़ा किया जाना है। पहले चरण में शाहजहांपुर से खुटार तक काम चल रहा है। पहले चरण का काम पूरा होने में ही अभी काफी समय लगेगा। इसके बाद दूसरे चरण का टेंडर आदि होने के बाद खुटार से आगे मैलानी मार्ग पर काम शुरू होगा। अगर खुटार से मैलानी तक हाईवे के गड्ढे भरवा दिए जाएं तो वाहन चालकों की दिक्कतें काफी हद तक दूर हो जाएंगी।

पुवायां-शाहजहांपुर रोड पर कार्य की गति धीमी

पुवायां से खुटार तक निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कुछ स्थानों को छोड़ कर रोड को चौड़ा कर दिया गया है, लेकिन पुवायां से शाहजहांपुर रोड पर काम धीमी गति से चल रहा है। इससे आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुवायां-खुटार के बीच भैंसी नदी और पुवायां शाहजहांपुर के बीच खन्नौत नदी पर पुल भी निर्माणाधीन हैं। गांव भूड़ा मैनारी के पास से बाईपास निकला है, जो निर्माणाधीन है। इससे आगे भी कई पुलियां आदि निर्माणाधीन हैं। शाहजहांपुर पुवायां के बीच पुराने रोड की खुदाई और मिट्टी, पत्थर डाले जाने का काम चल रहा है। सिंधौली से आगे पेड़ काटने काम भी चल रहा है।

अभी कई लोगों को नहीं मिला मुआवजा

शाहजहांपुर से खुटार के बीच पड़ने वाले गांवों सिंधौली, गंगसरा, रामपुरकलां के लोगों के घरों, दुकानों पर निशान लग गए हैं, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिल सका है। बाईपास के लिए अधिग्रहीत जमीन में भी कई किसानों को मुआवजा नहीं मिल सका है। इसको लेकर खुटार क्षेत्र के किसान गुरुसेवक सिंह, कृपाशंकर मिश्रा सहित तमाम किसान कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके हैं।

खुटार में मैलानी रोड तक बाईपास बन रहा है। बाईपास के आगे एक किमी तक का रोड वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य के साथ ही पूरा कर दिया जाएगा। -भुवन चौधरी, साइट इंचार्ज एनएचएआई

खुटार मैलानी के बीच नेशनल हाईवे का हाल

खुटार मैलानी के बीच नेशनल हाईवे का हाल


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button