Shahjahanpur News: सीजन की सबसे ठंडी रात, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 13 Dec 2023 12:25 AM IST

रेलवे स्टेशन पर सर्दी से बचाने के लिए बच्चों को गर्म कपड़ों से लपेटे बैंठी महिलाएं। संवाद
शाहजहांपुर। लगातार गिरते तापमान की वजह से सोमवार की रात सीजन की सबसे ज्यादा सर्द रही। पछुआ हवा के चलने की वजह से न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री तक पहुंच गया। जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहा। लगातार गिरते पारे के चलते मंगलवार को भी सर्दी का सितम जारी रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, पछुआ हवा चलने से सर्दी में इजाफा होगा।
तापमान में एक सप्ताह से लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। सोमवार की रात सबसे ज्यादा सर्द रही। तापमान गिरकर सात डिग्री पहुंचने के चलते गलन बढ़ गई। बर्फीली हवा चलने के चलते लोग कंपकंपाते रहे। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार की रात को सबसे ज्यादा सर्द रिकार्ड किया। मंगलवार की सुबह कोहरा छाया रहा। करीब साढ़े आठ बजे हल्की धूप निकलने से लोगाें को राहत मिली। शाम होते हुए तापमान में गिरावट होने से लोग फिर से सर्दी से परेशान हो गए। सर्दी की वजह से सड़कों पर चहल-पहल कम हो गई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ.मनमोहन सिंह बताते हैं कि न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। पछुआ हवा चलने की वजह से पारे के और लुढ़कने की संभावना है।
बीते सात दिन का तापमान
तिथि अधिकतम न्यूनतम
सोमवार 24.2 8.9
रविवार 23.8 12.4
शनिवार 25.1 12.6
शुक्रवार 26.2 13.3
बृहस्पतिवार 26.8 12.6
बुधवार 26.6 12.5
मंगलवार 25.7 12.8
तापमान सेल्सियस में है