Shahjahanpur News: नहीं थम रहा बुखार का प्रकोप, मलेरिया के तीन नए रोगी मिले
0 जलालाबाद, तिलहर और कटरा-खुदागंज में एक-एक मरीज आया सामने
0 187 मरीज जनवरी से अब तक मिल सके, नहीं मिला टीम को लार्वा
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को मलेरिया के तीन रोगी मिले हैं। इसमें जलालाबाद, तिलहर और कटरा-खुदागंज में एक-एक मरीज सामने आया है। अब तक 187 मरीज मलेरिया के सामने आ चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ सीएचसी पर फीवर क्लीनिक भी सक्रिय कर दिया गया है।
बुखार के मरीजाें की संख्या लगातार बढ़ रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बढ़ते मरीजों के चलते डॉक्टर भी परेशान हैं। ओपीडी में भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी तरह ट्राॅमा सेंटर में उपचार के लिए जगह तक नहीं बची। स्ट्रेचर पर मरीजों का उपचार हो रहा है। बुखार के साथ मलेरिया के रोगी भी सामने आ रहे हैं।
दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं। शनिवार को मलेरिया के तीन रोगी मिले हैं। सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बताया कि जहां मलेरिया के रोगी मिले हैं। वहां टीमों को भेजकर जांच कराई गई। टीम को लार्वा नहीं मिला है।
फीवर क्लीनिक को किया सक्रिय
बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए फीवर क्लीनिक को सक्रिय कर दिया गया। स्वास्थ्य इकाइयों पर क्लीनिक बनने के बाद आने वाले मरीजों की जांच की जाएगी। बुखार का प्रकोप को देखते हुए कदम उठाया गया।
गौरीकलां में जांच की रिपोर्ट का इंतजार
सेहरामऊ दक्षिणी के गौरीकलां गांव में दो बच्चों की मौत के बाद टीम ने शनिवार को पहुंचकर जांच की। वहां दवाई का वितरण किया गया। एसीएमओ डॉ.पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि जांच की स्लाइड बनाई गई थी। अभी रिपोर्ट नहीं आई है।