Shahjahanpur News: आफत का जाम शुरू…सहूलियत का करें इंतजार
शाहजहांपुर। जेल रोड पर डॉ. गेरा अस्पताल से फायर स्टेशन तक सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। बैरिकेडिंग कर पुलिस ने संकरे रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया। इससे आफत का जाम भी लगने लगा। आधा किलोमीटर जाने के लिए भी लोग करीब एक-एक घंटे तक फंसे रहे। ये स्थिति अब रोज रहेगी। सहूलियत के लिए अभी शहरवासियों को लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
अमृत योजना कार्यक्रम के तहत जल निगम की ओर से शहर में सीवर लाइन बिछाई जा रही है। खोदाई का काम 15 दिसंबर तक चलने का अनुमान है। बृहस्पतिवार सुबह ही डॉक्टर गेरा अस्पताल के सामने जेसीबी से सड़क को खोदने का काम शुरू हो गया। इस दौरान अंटा चौराहा से खिरनीबाग चौराहा की ओर आने वाले मार्ग को कई जगह बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया। चारपहिया और तीन पहिया वाहनों को उधर से नहीं आने दिया गया। सिर्फ पैदल राहगीर, साइकिल सवार, दोपहिया वाहन चालकों को ही वहां से जाने की छूट थी। डॉ. गेरा अस्पताल के सामने ही जहां पर खोदाई हो रही थी, उसी के ठीक सामने बृज विहार कॉलोनी और चमकनी करबला की ओर से जाने वाली गली है। इस गली और मुख्य सड़क के दोनों ओर से वाहनों का आवागमन होने से पूरे दिन वाहनों की कतार लगी रही।
दुकानदार, मरीज और छात्र-छात्राएं होते रहे परेशान
सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई के चलते अंटा चौराहा, डॉ. गेरा अस्पताल के सामने, कृष्णानगर कॉलोनी के पास, इस्लामियां इंटर कॉलेज के सामने और खिरनीबाग चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई है। अंटा चौराहा से खिरनीबाग चौराहे तक तमाम दुकानें, अस्पताल, सरकारी और निजी स्कूल हैं जहां आने-जाने वाले ग्राहकों, मरीजों, तीमारदारों, छात्र-छात्राओं को परेशानी होती रही। डॉ. गेरा अस्पताल में अपनी मां का इलाज कराने आए सोनू ने बताया कि मरीज और तीमारदार दोनों को ही दिक्कत हो रही है। ई-रिक्शा को अस्पताल तक नहीं आने दिया गया। अंटा चौराहा से बीमार मां को पैदल अस्पताल तक लाना पड़ा। दुकानदार सलीम ने बताया कि पूरी रोड को बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से ग्राहक ही नहीं आए। सुबह से खाली बैठे हैं। बृज बिहार कॉलोनी निवासी सौरभ बोले कि उनको अंटा चौराहे की ओर जाने के लिए कॉलोनी के अंदर गलियों से अपनी कार लेकर जाना पड़ा। संकरी गलियों में कार निकालना मुश्किल हो गया। बच्चों को भी स्कूल छोड़ना था और फिर ऑफिस जाना था।
पूरे शहर में दिनभर लगा रहा जाम
अंटा चौराह से खिरनीबाग चौराहा वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग के चलते चारपहिया और तीन पहिया वाहनों को डायवर्ट किया गया। इसके चलते लाल इमली चौराहा से घंटाघर होकर कच्चा कटरा की ओर जाने वाले मार्ग पर दिनभर जाम लगा रहा। तारीन टिकली, अंजान चौकी के पास सबसे ज्यादा जाम लगा। वाहन रेंग-रेंग कर निकले। जाम में स्कूली वाहन भी फंसे रहे। स्कूली बच्चों को सुबह स्कूल और दोपहर को घर पहुंचने में समय लगा। ऑफिस और बाजार के लिए निकले लोगों को भी जाम का झाम झेलना पड़ा। इसके साथ ही इस्लामियां इंटर कॉलेज से बहादुरगंज जाने वाले मार्ग, बहादुगंज से घंटाघर रोड पर भी जाम की समस्या बनी रही।
सीवर लाइन की खोदाई के दौरान लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए बैरीकेडिंग कराकर चारपहिया और तीन पहिया वाहनों का ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। कार्य को जल्द पूरा कराए जाने का प्रयास किया जाएगा। जब तक काम चलेगा, तब तक लोगों को कुछ दिक्कत हो सकती है। काम पूरा होने के बाद सभी को सुविधा ही होगी। इसलिए सभी से अपील है कि सहयोग करें। – सुनील कुमार यादव, एक्सईएन, जल निगम