Shahjahanpur News: बाढ़ग्रस्त गांवों में भरा पानी अब मार रहा सड़ांध

बाढ़ग्रस्त इस्लामनगर और मस्जिद नगला के बीच लगे मेडिकल कैम्प में रोगियों को दवा बांटती मेडिकल टीम
मिर्जापुर। कई दिनों से बाढ़ग्रस्त गांवों में भरा पानी अब सड़ने लगा है। इसके चलते संक्रामक रोगों का खतरा मंडराने लगा है। वहीं दो दिन से हो रही बारिश से गांवों में बाढ़ का पानी कम नहीं हो रहा है। पानी के ठहराव से गांवों में मच्छर काफी बढ़ गए हैं।
जिन स्थानों पर पानी घटा है वहां कीचड़ में घास-फूस और चूहों के सड़ने से दुर्गंध फैल रही है। लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। लगभग एक पखवाड़े से आजाद नगर, इस्लामनगर, पंखिया नगला, मस्जिद नगला, कटैला नगला, पैलानी, लोहार नगला, बटन नगला, मोती नगला, भरतपुर, पकड़िया नगला, धोबियन नगला आदि गांव बाढ़ के पानी से जलमग्न हैं। बाढ़ क्षेत्र में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। वहीं बाढ़ से कटी सड़कें और रास्तों में भरा पानी स्वास्थ्य विभाग की टीम का रास्ता रोक रहा है।
ग्राम पैलानी निवासी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि भरतपुर-पैलानी संपर्क मार्ग पर भरतपुर गांव से निकलते ही पकड़िया नगला गांव के सामने कटी सड़क में कमर तक पानी भरा हुआ है। पैलानी और कटैला नगला के बीच सड़क कट जाने से अभी आवागमन बंद है। पानी कम होने से अब नाव भी नहीं चल पा रही।
सीएचसी जरीनपुर के प्रभारी डॉ. आदेश रस्तोगी ने बताया कि कई दिन से जलमग्न मस्जिद नगला गांव के लिए अभी रास्ता नहीं खुला है। शनिवार को सीएचसी की टीम ने इस्लामनगर और मस्जिद नगला के बीच में स्थित एक सूखे स्थान पर मेडिकल कैंप लगाया है। इसमें समीपवर्ती ग्राम मस्जिद नगला और इस्लाम नगर के रोगियों का उपचार किया गया। कैंप में आई फ्लू के 16, बुखार के 20, चर्म रोग के 11 और अन्य 11 रोगियों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं दी गईं।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सहदीप कुमार ने बताया कि मस्जिद नगला के समीप लगाए गए पशु चिकित्सा शिविर में 68 पशुओं के गलाघोंटू के टीके, 107 पशुओं को कृमिनाशक, 76 पशुओं को किलनी नाशक, 49 को मिनरल मिक्चर तथा 12 अन्य पशुओं का इलाज किया गया।
एडीएम ने किया भैंसार बांध का निरीक्षण
मिर्जापुर। एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. सुरेश कुमार ने एसडीएम महेश कुमार कैथल, शारदा नहर के एसडीओ और नायब तहसीलदार पंकज कुमार के साथ कलान क्षेत्र के भैंसार बांध का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण में भैंसार बांध सुरक्षित पाया गया। संवाद
गंगा में 1,07,213 और रामगंगा में 17,629 क्यूसेक पानी छोड़ा गया
शाहजहांपुर। बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा से लेकर रामगंगा और गर्रा नदी का जलस्तर फिर से बढ़ने लगा है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष शारदा नगर खंड से जारी रिपोर्ट के अनुसार- शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 143.35 गेज था, जो कि रविवार को बढ़कर 143.38 गेज हो गया।
वहीं रामगंगा का जलस्तर शुक्रवार को 159.650 गेज था, जो कि शनिवार को बढ़कर 160.0.50 गेज हो गया। वहीं गर्रा का जलस्तर शुक्रवार को 143.90 गेज था, जो कि शनिवार को 144.10 गेज हो गया। गंगा नदी में नरौरा बैराज से 1,07213 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं रामगंगा में विभिन्न बैराजों से 17,629 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गर्रा नदी में दियूनी बैराज से 3,330 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। संवाद

बाढ़ग्रस्त इस्लामनगर और मस्जिद नगला के बीच लगे मेडिकल कैम्प में रोगियों को दवा बांटती मेडिकल टीम

बाढ़ग्रस्त इस्लामनगर और मस्जिद नगला के बीच लगे मेडिकल कैम्प में रोगियों को दवा बांटती मेडिकल टीम

बाढ़ग्रस्त इस्लामनगर और मस्जिद नगला के बीच लगे मेडिकल कैम्प में रोगियों को दवा बांटती मेडिकल टीम