Shahjahanpur News: बच्ची को उठाकर भागते युवक ने पीछा करने पर फेंककर मार डाला
शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास मां के साथ सो रही आठ महीने की बच्ची को उठाकर भागे युवक ने लोगों के पीछा करने पर उसे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वह मानसिक बीमार बताया गया है।
बच्ची प्रीति हरदोई शहर की पिहानी चुंगी क्षेत्र के रहने वाले अंकित कुमार की बेटी थी। अंकित को जीआरपी ने बीते जून में रेलवे स्टेशन से चोरी के आरोप में जेल भेजा था। उसके बाद कोई सहारा न रहने पर पत्नी वैशाली ने बेटे किशन (5) और प्रीति के साथ स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर को ही अपना ठिकाना बना लिया। वैशाली बुधवार रात दोनों बच्चों के साथ पार्किंग स्थल के डिवाइडर पर सो रही थी। करीब दो बजे सिंधौली के गांव आयूं का रहने वाला अशोक कुमार वहां पहुंचा और बिछौने समेत प्रीति को उठाकर चल दिया। तभी मां वैशाली जाग गई तो उसने टोका। इस पर भागे अशोक के पीछे वैशाली भी दौड़ी, साथ में शोर सुनकर लोग भी पीछा करने लगे। इस पर अशोक ने बच्ची को फेंक दिया। लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पीटा और जीआरपी के हवाले कर दिया।
पुलिस ने तुरंत ही एंबुलेंस से बच्ची को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ जीआरपी द्वितीय हृषिकेश यादव ने बताया कि आरोपी अशोक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। उसका इलाज भी चल रहा है। उसे जेल भेज दिया गया है।

