शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: कार से युवती को ले जा रहे युवकों ने परिजनों के रोकने पर की फायरिंग

Connect News 24

पुवायां। तीन युवक एक युवती को शुक्रवार रात कार से लेकर बंडा-पुवायां मार्ग पर पहुंचे। जानकारी पाकर युवती के परिजन मौके पर पहुंच गए। इस पर एक युवक ने फायरिंग कर दी। सूचना पर पुलिस युवकों को पकड़कर थाने लाई, लेकिन रात में ही बिना कार्रवाई के ही छोड़ दिया।

पुवायां के गांव करनापुर पैतापुर का युवक बंडा के गांव दलेलापुर और पुवायां कस्बे के रहने वाले दो युवकों के साथ शुक्रवार रात कार से पड़ोस के ही एक गांव में पहुंचा। पहले से बनी योजना के तहत गांव की एक युवती अपने घर से निकलकर कुछ दूरी पर युवकों से मिली। इसके बाद तीनों युवक कार से युवती को लेकर बंडा मार्ग पर पहुंचे और साइड में कार खड़ी कर दी।

उधर, युवती के परिजनों को भी मामले की जानकारी हुई तो वे पीछा करते हुए मौके पर आ पहुंचे और युवकों को ललकारा। इस पर एक युवक ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। इसके बाद युवती को वहीं छोड़कर तीनों युवक भाग निकले। युवती के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस रात में ही युवकों को पकड़कर थाने ले आई।

युवती के परिजन भी थाने पहुंचे। देर रात पुलिस ने तीनों युवकों को बिना कार्रवाई के ही छोड़ दिया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि एक शिकायत पर युवकों को थाने लाया गया था। युवती के परिजन भी आए थे। युवती के घर वालों ने किसी कार्रवाई से इन्कार कर दिया, इस कारण युवकों को छोड़ दिया गया। फायरिंग नहीं हुई थी।

इस तरह के मामले की जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी। युवती को लाने और फायर करने की बात सही निकली तो कार्रवाई कराई जाएगी।

पंकज पंत, सीओ पुवायां


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button