बरेली

Bareilly News: सीने में ईंट मारकर दोस्त की जान ली

Connect News 24

अलापुर। थाना क्षेत्र के गांव बरारा में शराब पीते वक्त हुए विवाद के बाद एक युवक ने दोस्त के सीने में ईंट मार दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक के भाई ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

गांव बरारा निवासी 26 वर्षीय जुगेंद्र पुत्र जगदीश और गांव के ही संजीव पुत्र सोरन में दोस्ती थी। शुक्रवार को गांव के बाहर जुगेंद्र और संजीव शराब पी रहे थे। वहां और लोग भी थे। तभी किसी बात को लेकर जुगेंद्र और संजीव में विवाद होने लगा। विवाद में संजीव ने जुगेंद्र पर ईंट से हमला बोल दिया। उसने जुगेंद्र के सीने में ईंट मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गया। किसी ने सूचना जुगेंद्र के परिजनों को दी तो वह मौके पर पहुंच गए।

इसके बाद वह उसको लेकर निजी चिकित्सक के यहां गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार को उसे घर भेज दिया गया। शनिवार को रात करीब आठ बजे जुगेंद्र ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद मृतक के परिजन थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने के बाद मृतक के भाई ओमवीर की तहरीर पर आरोपी संजीव और कुछ अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

इस संबंध में एसएचओ हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button