Shahjahanpur News: जमीन को लेकर डेढ़ माह पहले भी हुआ था रामचंद्र से विवाद

सिंधौली के पैना बुजुर्ग में घायल रानी।
शाहजहांपुर/ सिंधौली। रविवार रात सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव पैना बुजुर्ग निवासी रामचंद्र (75) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई थी।हत्या की मूल वजह वह जमीन है यहां आरोपी भतीजे अपनी मोपेड खड़ी करते आ रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने हत्याकांड को अंजाम दे डाला। गांव में पुलिस फोर्स तैनात है।
रामचंद्र खेतीबाड़ी करते थे। उनका बेटा प्रदीप भावलखेड़ा के पशु चिकित्सालय में पशु सहायक के पद पर कार्यरत है। पड़ोस में भतीजों का मकान भी है। दोनों परिवार में पिछले कई महीने से मनमुटाव चला आ रहा था। यह खुन्नस डेढ़ माह पहले उस समय बढ़ गई, जब रामचंद्र ने अपनी जमीन पर कमरे का निर्माण कराया। बगल में शौचालय के लिए जगह छोड़ रखी थी। प्रदीप के अनुसार, शौचालय की जगह पर आरोपियों ने ईंटें लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया था। रामचंद्र के विरोध करने पर आरोपी हमलावर हो गए थे।
दो सप्ताह से मोपेड खड़ी कर रहे थे आरोपी, मना करने पर पीटकर मार डाला
मृतक के पुत्र प्रदीप को भी मारपीट में चोटें आई हैं। प्रदीप ने बताया कि उनकी जगह पर दो सप्ताह से आरोपी अपनी मोपेड खड़ी कर रहे थे। विवाद से बचने के लिए उन्होंने रोका नहीं था। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे मोपेड खड़ी करने को टोक दिया। इस बात को लेकर मुन्ना, प्रकाश, पंकज और करन आदि हमलावर हो गए। पिता रामचंद्र के सिर पर लाठी मार दी। रामचंद्र की बहू रानी के सिर में भी गंभीर चोटें आईं। भाई सतीश का हाथ टूट गया। सूचना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां रामचंद्र को मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद रामचंद्र का शव गांव पहुंचा तो परिजन बिलख पड़े।
आरोपियों के नजदीक पहुंची पुलिस
रामचंद्र की मौत के मामले में सिंधौली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों के नजदीक पहुंच गई है। माना जा रहा है कि पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ भी लिया है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है।

सिंधौली के पैना बुजुर्ग में घायल रानी।

सिंधौली के पैना बुजुर्ग में घायल रानी।