Shahjahanpur News: पुलिस पर हावी चोर, दिवाली के बाद जिलेभर में 10 वारदात
शाहजहांपुर। जिले में पुलिस पर चोर हावी होने लगे हैं। दिवाली के बाद से चोरों ने करीब दस वारदात की हैं जिसमें लाखों रुपये का माल साफ कर चुके हैं। लगातार घटनाएं होने से पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।
सर्दी आते ही चोर बंद मकानों के साथ दुकानों को निशाना बना रहे हैं। नकब लगाकर और ताला तोड़कर लाखों रुपये का माल उड़ा चुके हैं। कुछ मामलों में तो सिर्फ नकदी और जेवर ही चोर ले गए। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में नजर आने के बाद भी चोरों को पकड़ने में पुलिस कामयाब नहीं हुई।
रिपोर्ट दर्ज करने में कोताही बरत रही पुलिस : पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। किरकिरी होने से बचाने के लिए पुलिस मुकदमा ही दर्ज नहीं करती। बंडा में दुकानों में चोरी के बाद रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंदी की चेतावनी दी थी। उसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। हालांकि पुलिस अभी तक चोरों का गिरोह नहीं पकड़ पाई है।
अब तक इतनी हो चुकीं घटनाएं
– 13 नवंबर : थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला तिलहर जई निवासी प्रगतिशील किसान फहीम अख्तर के बंद मकान का दरवाजा तोड़कर आठ लाख की चोरी।
– 15 नवंबर : अल्हागंज में गल्ला मंडी में पवन गुप्ता की आढ़त से 40 बोरी में रखी 24 क्विंटल गेहूं और नवल की आढ़त से 12 बोरे मूंगफली चोरी।
– 17 नवंबर : थाना आरसी मिशन क्षेत्र के हरदोई बाईपास के पास एएनएम आशा भारती के बंद मकान से डेढ़ लाख का माल चोर ले गए।
– 20 नवंबर : अल्हागंज में रघुनाथपुर निवासी सौरभ सिंह की सराफा की दुकान का शटर तोड़कर चोर आठ लाख के आभूषण चोरी कर ले गए।
– 22 नवंबर : मिर्जापुर के दो गांवों में 11 मकानों से लाखों की नकदी, जेवर और बंदूक के 35 कारतूस भी चोरी हुए थे।
– 01 दिसंबर : मीरानपुर कटरा के फीलनगर में पूर्व प्रधान इरशाद के बंद मकान से दस लाख की चोरी।
– 01 दिसंबर : रात को कटरा के फीलनगर गांव में मुन्नी देवी के बंद घर से दस लाख की चोरी।
– 03 दिसंबर : बंडा के मोहद्दीनपुर बाजार में सराफा व्यापारी और इलेक्ट्रॉनिक की दुकान से लाखों की चोरी।
– 04 दिसंबर : थाना सदर बाजार के मोहल्ला कृष्णानगर में निर्वाचन कार्यालय की वरिष्ठ सहायक संगीता मौर्या के बंद मकान से लाखों की चोरी।
– 08 दिसंबर : थाना सदर बाजार के चौक आला खां निवासी मुनीर खां के बंद मकान से लाखों की चोरी हो गई।
अब आईजी खुद करेंगे चोरियों की समीक्षा
– जिले में बढ़ रहे चोरी के मामलों को लेकर आईजी डॉ.राकेश सिंह सख्त हो गए हैं। उन्होंने बताया कि वह खुद ही एक-एक चोरी के मामले की समीक्षा करते हुए खुलासा करवाएंगे।