Shahjahanpur News: काम में लापरवाही पर रजिस्ट्रार कानूनगो की तीन वेतन वृद्धि रोकीं
शाहजहांपुर। दाखिल-खारिज के प्रकरण लंबित होने के मामले में डीएम उमेश प्रताप सिंह ने रजिस्ट्रार कानूनगो राजीव पांडेय की तीन वेतन वृद्धि रोक दी हैं। सदर तहसील के निरीक्षण के दौरान डीएम को दाखिल-खारिज की सैकड़ों फाइल लंबित मिली थीं। इसके बाद उन्होंने जांच का आदेश दिया था। जांच में रजिस्ट्रार कानूनगो की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।
17 जून को डीएम ने संपूर्ण समाधान दिवस के बाद तहसील के पटलों का निरीक्षण किया था। इस दौरान दाखिल-खारिज की सैकड़ों फाइल तीन नायब तहसीलदार और उनके कानूनगो दबा कर बैठे थे। डीएम ने तीनों नायब तहसीलदारों की पत्रावलियां जब्त कर ली थीं। मामले में तीन नायब तहसीलदार भानू प्रताप सिंह सदर, चंद्र गुप्त सागर कांट व निवेदिता ठाकुर जमौर के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए फाइलें लंबित रहने का कारण व स्पष्टीकरण 15 दिनों के अंदर मांगा था।
इसी मामले में सदर रजिस्ट्रार कानूनगो राजीव पांडेय, लेखपाल राजकमल, रवि सिंह के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए एसडीएम को डीएम ने निर्देश दिए थे। जांच के बाद बीते दिनों लेखपाल राजकमल के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी थी। इसके बाद नायब तहसीलदार भानू प्रताप सिंह के रजिस्ट्रार कानूनगो राजीव पांडेय की भी तीन वेतन वृद्धि डीएम ने रोक दीं हैं। बताया जा रहा है कि सदर तहसील के अधिकारी और कर्मचारी तमाम ऐसी फाइल अपनी पास जानबूझ कर लंबित रखे हुए थे, जिनमें कोई कमी नहीं थी। आवश्यक काम को बेवजह टाला जा रहा था। इसे डीएम ने बड़ी लापरवाही मानते हुए सभी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।