Shahjahanpur News: 1788 मरीजों की स्क्रीनिंग में मलेरिया के तीन रोगी मिले
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 18 Oct 2023 12:55 AM IST

शाहजहांपुर में सीएचसी ददरौल का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ.आरके गौतम। स्त्रोत-स्वास्थ्य विभाग
शाहजहांपुर। जिले की स्वास्थ्य इकाइयों पर मंगलवार को 9177 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान 1788 मरीजों की स्क्रीनिंग करने पर मलेरिया के तीन रोगी मिले हैं। जबकि डेंगू के रोगियों की संख्या शून्य रही है।
वायरल बुखार व मलेरिया और डेंगू को देखते हुए सीएचसी-पीएचसी पर अलर्ट किया गया। मंगलवार को मरीजों की स्वास्थ्य इकाइयों पर उमड़ी। इस बीच 136 मरीजों को भर्ती किया गया। 22 मरीजों की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। पूरे दिन में 1788 मरीजों की स्क्रीनिंग में तीन मलेरिया के रोगी मिले हैं। सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बताया कि मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए 1621 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।
सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने मंगलवार को सीएचसी ददरौल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्हें चिकित्सा अधीक्षक डॉ.गौरव के विभागीय कार्य से जाने की सूचना मिली। अन्य स्टाफ उपस्थित मिला। सीएमओ ने निर्देशित किया कि कर्मचारी समय से आकर मरीजों का उपचार करें। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय सिरोमन नगर में बन रहे आयुष्मान कार्ड का निरीक्षण किया। आयुष्मान कार्ड अधिक बनाने के लिए कहा। गांव में संचारी के दस्तक कार्यक्रम को देखा और टीम को निर्देशित किया आशा व आंगनबाड़ी प्रत्येक घर का सही से भ्रमण करें।
डॉक्टर पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप : कलान क्षेत्र के सूर्यनगर वार्ड निवासी कमलेश दुबे ने सीएम व स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर पीएचसी पर तैनात आयुष चिकित्सक दिनेश पर सुविधाशुल्क मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बेटे का उपचार कराने के दौरान उनसे रुपये मांग गए। संवाद