Budaun News: विवि में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में कुलपति का पुतला फूंका

एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज गेट पर कुलपति का पुतला फूंकते अभाविप के पदधिकार
बदायूं। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अनियमितताएं और भ्रष्टाचार व्याप्त होने का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। एनएमएसएन दास कॉलेज गेट पर इकट्ठे हुए छात्रों ने कुलपति का पुतला फूंका।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकित पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय में व्याप्त अराजकता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध विद्यार्थी परिषद पिछले दो साल से संघर्षरत हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन भ्रष्टाचार में लिप्त होकर गहरी नींद सोया हुआ है। छात्रों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई कार्य नहीं हो रहा है। विश्वविद्यालय में शैक्षिक कैलेंडर का पालन नहीं हो रहा है। इससे न तो परीक्षा परिणाम का पता चल रहा है न ही प्रवेश का। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षक संघ के चुनाव हो सकते हैं, तो छात्र संघ के चुनाव क्यों नहीं होने दिए जा रहे हैं।
विभाग छात्रा प्रमुख पायल गिहार ने कहा कि नियुक्तियों में हुए भ्रष्टाचार पर विद्यार्थी परिषद प्रदेश सरकार व कुलाधिपति को अवगत कराएगी। इस अवसर पर जिला सह संयोजक धर्मेंद्र प्रताप, जिला संगठन मंत्री विवेक जादौन, तहसील संयोजक अमन सक्सेना, गोविंद शर्मा, हिमांशु मिश्रा, अमन सक्सेना आदि मौजूद रहे।
बिसौली। विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक मोहित शर्मा के नेतृत्व में तिरंगा चौक पर कुलपति का पुतला फूंका गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर प्रणाली लागू कर दी है, लेकिन परीक्षा शुल्क दोगुना लिया जा रहा है, जो छात्रों के साथ अन्याय है। इस अवसर पर पूर्व विभाग संगठन मंत्री हर्षित पाराशरी, सुधांशु, विशाल सिंह, अभिषेक, राजविक्रम, राजीव सिंह आदि उपस्थित रहे।