Shahjahanpur News: बाइक की डिकी में अफीम ले जाते तीन तस्कर पकड़े

मीरानपुर कटरा पुलिस की गिरफ्त में अफीम तस्करी करने के आरोपी। स्त्रोत: पुलिस
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा पुलिस ने रात में गश्त के दौरान बाइक की डिकी में छिपाकर अफीम ले जा रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक किलो अफीम बरामद हुई है।
शनिवार की रात कटरा पुलिस चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर खैरपुर चौराहे से जलालाबाद जाने वाले रास्ते पर भट्ठे के पास बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर घबराए युवकों को दबोच लिया गया। बाइक की तलाशी में डिकी में रखी एक किलो अफीम बरामद हुई। तीनों बरेली से अफीम खरीदकर ला रहे थे।
एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि टीम ने बरेली जिले के थाना आंवला जिला के गांव करुआ ताल निवासी मुकेश, मनमोहन व लालू को पकड़ा है। तीनों ने रुपये इकट्ठा कर शाहिद नाम के व्यक्ति से बरेली के साथियाना से अफीम खरीदी थी। आरोपियों को शाहिद के पूरे पते की जानकारी नहीं। उसके मोबाइल नंबर पर ही बात होती थी। अफीम को होटलों, ढाबों आदि पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।