Shahjahanpur News: खुटार में बाघिन ने किया सांड का शिकार, मजदूरों ने भाग कर बचाई जान

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में गांव रायपुर से करीब 400 मीटर दूर गेहूं के खेत में बाघिन से सांड को मार डाला। इसके बाद बाघिन गन्ने की छिलाई कर रहे श्रमिकों की ओर गई तो श्रमिकों ने शोर मचाते हुए भागकर जान बचाई। इलाके में बाघिन होने से दहशत का माहौल है।
गांव रायपुर निवासी पूर्व प्रधान विजय सिंह का गांव से कुछ दूर फार्म है। फार्म पर गांव रायपुर के ही श्रमिक रामपाल, अमर सिंह, सियाराम, प्रदीप, संगम गन्ने की छिलाई कर रहे थे। श्रमिकों ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे उन्हें सांड के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, लेकिन उन लोगों ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
कुछ देर बाद बाघिन उन लोगों की ओर आती दिखी तो वे लोग शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे। श्रमिकों का शोर सुनकर गांव के तमाम लोग लाठी-डंडे और असलहे लेकर खेत की ओर गए और फायरिंग की, लेकिन बाघिन नहीं दिखी। लोगों ने गन्ने के खेत के पास जाकर देखा तो एक सांड मरा पड़ा मिला।

