Shahjahanpur News: अब तक 4.30 लाख घरों में अक्षत वितरण

जेतीपुर में अक्षत व पत्रक वितरित करते कार्यकर्ता। संवाद
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अक्षत वितरण अभियान का सोमवार को समापन हो गया। संघ ने शाहजीपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्र में 2.30 लाख और परशुरामपुरी जिले में दो लाख परिवारों में अक्षत वितरण व निमंत्रण पहुंचने का अनुमान लगाया है। इसके बाद भी जिन घरों में अभी तक निमंत्रण नहीं पहुंचा है, वहां भी पहुंचने का प्रयास कार्यकर्ता कर रहे हैं।
22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस दिन पूरे देश में घर-घर रामोत्सव मनाए जाने और मंदिरों पर सजीव प्रसारण देखने का आह्वान किया जा रहा है। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर अक्षत वितरण करने में जुटे थे। विश्व हिंदू परिषद शाहजीपुर महानगर के अध्यक्ष अभिनव ओमर ने बताया कि 80 हजार पैकेट तैयार करवाकर घर-घर पहुंचाए गए हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समिति के जिला मीडिया प्रमुख डॉ. प्रदीप वैरागी के अनुसार शाहजीपुर ग्रामीण में 1.5 लाख घरों तक निमंत्रण पहुंचाया गया है। परशुरामपुरी जिले में दो लाख परिवारों तक पूजित अक्षत व निमंत्रण पत्र पहुंचने का अनुमान है।
अंतिम दिन कार्यकर्ताओं ने झोंकी ताकत
शाहजहांपुर। पूजित अक्षत व पत्रक वितरण महा अभियान के अंतिम दिन सोमवार को आरएसएस व विहिप कार्यकर्ताओं के साथ रामभक्तों ने पूरी ताकत झोंक दी। शाहजीपुर ग्रामीण क्षेत्र के पुवायां में समिति के जिला संरक्षक राजीव सिंह, अध्यक्ष गोपीनाथ अग्निहोत्री, जिला प्रचारक जय किशोर, जिला कार्यवाहक अमित भारद्वाज ने घर-घर वितरण किया। जैतीपुर के करकौर, जैतीपुर, बमिहाना में मचकेंद्र सिंह, अंकित, आवेश, अरुण, पंकज सिंह, अरबन सिंह, अनुराग, वैभव मिश्रा का सहयोग रहा।
शाहजीपुर महानगर में मोहल्ला रोशनगंज, रोशनगंज स्थित वाल्मीकि बस्ती, प्रताप एनक्लेव, दीवान जोगराज में महानगर प्रचारक मनजीत, महानगर कार्यवाह नवनीत, सह नगर कार्यवाह रामकुमार, जिला संपर्क प्रमुख महानगर अभिनव, हनुमत नगर कार्यवाह विशेष कुमार, अक्षत वितरण प्रमुख डॉ. पुनीत मनीषी, क्रीड़ा भारती उपाध्यक्ष पीयूष मिश्रा आदि का योगदान रहा।