Shahjahanpur News: तीसरे दिन शुरू हुआ खुटार पुवायां मार्ग पर आवागमन

भैंसी नदी के पास खुले रास्ते से निकलते वाहन
पुवायां। लखनऊ-पलिया हाईवे पर पुवायां-खुटार के बीच आवागमन तीसरे दिन सुचारू हो सका। बारिश होती है तो मार्ग फिर से बंद हो सकता है।
गौरतलब है कि खुटार पुवायां के बीच भैंसी नदी का पुल और हाईवे निर्माणाधीन है। आवागमन के लिए पुल के पास से रोड बनाई गई है जो बीच में काफी नीची है। भारी बारिश के चलते पुल के पास भारी जलजमाव हो गया था, जिसमें एक ट्रक भी डूब गया था। बृहस्पतिवार को पानी का निकास बनाने के लिए हाईवे निर्माण में लगी कंपनी के कर्मचारियों ने नदी में भरी गई मिट्टी और मलबे को जेसीबी से हटाया था। टैंकरों और जेसीबी से पानी निकलवाने के बाद आवागमन को सुचारू करा दिया गया है। शुक्रवार को रोडवेज बसों सहित कई वाहन पुल के पास से ही निकले। उधर, अवैध कब्जों के चलते नदी को कई स्थानों पर पाट दिए जाने से पानी का बहाव नहीं रह गया है। ऐसे में बारिश होती है तो आवागमन फिर से ठप हो सकता है।
खेतों में भरा पानी भी कम होना शुरू हो गया है। इससे किसानों ने राहत की सांस ली है। पानी ज्यादा समय तक भरे रहने से धान की फसल के गलने का खतरा पैदा हो गया था। खेतों में पकी खड़ी मक्के की फसल भी खेत गीला होने के कारण नहीं कट पा रही है। किसान खेतों के सूखने का इंतजार कर रहे हैं।