शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: जागरूकता में लगी रही यातायात पुलिस, जाम से जूझा आधा शहर

Connect News 24

शाहजहांपुर। यातायात माह में पुलिस जागरूकता के काम में लगी रही और सड़क पर लोग जाम से जूझकर व्यवस्था को कोसते रहे। सीवर लाइन डालने के लिए चल रही खोदाई और पुलिस की लापरवाही के कारण बुधवार को आधा शहर जाम की चपेट में रहा। जेल रोड पर सीवर लाइन व सदर में बुध बाजार की भीड़ के चलते लाल इमली से घंटाघर जाने वाले रोड पर दबाव बढ़ गया। इसके चलते मुख्य सड़क के साथ गलियाें से निकलना भी मुश्किल हो गया। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन योजनाबद्ध ढंग से काम करता तो जाम से बचा जा सकता था।

शहर की मुख्य सड़क अंटा चौराहे से लेकर जेल रोड तक सीवर लाइन डालने के लिए पांच-छह मीटर गहराई तक मशीनों से खोदाई की जा रही है। इस रोड पर वाहनाें को रोकने के लिए कई जगह पर रूट डायवर्ट भी किया गया है। बावजूद इसके बाइक सवार प्रवेश कर जैसे-तैसे निकल पा रहे हैं। यह सड़क बंद होने से अब तक घंटाघर से सदर बाजार से होकर काफी वाहन निकल जाते थे। बुध बाजार के चलते यह सड़क भी काफी व्यस्त रही। फड़ पर दुकानें सजीं होने के चलते पैदल निकलना भी दूभर रहा। ऐसे में सभी वाहनों को लाल इमली चौराहे से घंटाघर की ओर माेड़ दिया गया।

संकरी सड़क पर बड़ी संख्या में वाहनों के आ जाने से घंटों लोग जाम में फंसे रहे। यातायात पुलिस के नदारद होने के कारण लोगों को पांच सौ मीटर की दूरी तय करने में भी आधे घंटे से ज्यादा का समय लग गया। छुट्टी के बाद बच्चों को निकलने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं इन रास्तों में यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिसकर्मी कहीं नजर नहीं आए। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा।

गलियां भी खोद डालीं, नहीं छोड़ी निकलने की जगह

मुख्य सड़क पर खोदाई के साथ जल निगम ने गलियों की खोदाई भी शुरू करा दी है। अंटा चौराहे पर जाम के कारण लोगों ने देवी प्रसाद स्कूल के बगल से जानी वाली सड़क पर वाहन दौड़ाए तो आगे यह गली भी खोदाई के कारण बंद मिली। इसी तरह बहादुरगंज में भी कई गलियां खोदकर छोड़ दी गईं हैं। उन लोगों को खासतौर पर दिक्कत हुई जो शहर की गलियों से अनजान थे। चार पहिया वाहन गलियों में ले जाने से रास्ता बंद हो गया।

यातायात माह में जागरूकता कार्यक्रमों में लगी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बृहस्पतिवार को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद यातायात कर्मचारियों को शहर के जाम के प्वाइंट पर लगाकर व्यवस्था को सुधारा जाएगा। – जगदीश लाल टम्टा, सीओ यातायात


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button