Shahjahanpur News: आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए ट्रायल 22 को
शाहजहांपुर। आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों व केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर में सत्र 2023-24 के लिए खेलों में रिक्त स्थानों पर खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इसके लिए ट्रायल का आयोजन जिला खेल कार्यालय स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा की ओर से कराया जाएगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी सुरेंद्र कुमार बमनिया ने बताया कि ट्रायल 22 जुलाई को सुबह 9:00 बजे से नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में होंगे। इसमें तैराकी, बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल, तीरंदाजी, कुश्ती, वालीबॉल के लिए ट्रायल लिया जाएगा। बताया कि सभी खेलों में बालक-बालिका दोनों वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। ट्रायल में चयनित होने वाले खिलाड़ियों को ही आवासीय क्रीड़ा छात्रावास व केंद्रीय शिक्षण शिविर में प्रशिक्षण का मौका मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मेरिट सूची में खिलाड़ी उपलब्ध न होने पर इन खेलों के लिए दोबारा से ट्रायल लिए जाएंगे। खिलाड़ी 10 रुपये जमा कर जिला खेल कार्यालय स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा के कनिष्ठ सहायक रमेश चंद्र अथवा खेल विभाग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन पत्र प्राप्त कर पूर्ण रूप से भरकर समस्त अभिलेखों सहित निर्धारित तिथि व समय पर चयन-ट्रायल्स में शामिल हो सकते हैं। आवेदन फार्म के साथ प्रधानाचार्य द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, जो जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रति हस्ताक्षरित होना चाहिए। इसके अलावा आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता के लिए अंकपत्र, खिलाड़ी के ब्लड ग्रुप का प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा।
ट्रायल के लिए आवश्यक योग्यता
– ट्रायल के लिए बालक और बालिकाओं की आयु एक अप्रैल 2023 को 15 वर्ष से कम एवं तैराकी खेल के लिए 12 वर्ष से कम होनी चाहिए। बॉस्केटबॉल एवं वालीबॉल खेलों के चयन ट्रायल के लिए बालकों की लंबाई 175 सेमी और बालिकाओं की लंबाई 169 सेमी होना जरूरी है। 12 वर्ष की आयु पर 24 दांत एवं 15 वर्ष की आयु पर 28 दांत से अधिक नहीं होने चाहिए।
फिजिकल टेस्ट के लिए 50 अंक निर्धारित
– छात्रावासों में प्रवेश के लिए फिजिकल टेस्ट का पूर्णांक 50 अंक है। इसमें शटल रन, (6 गुणा 10), 100 मीटर दौड़, मेडीसीन बाल थ्रो, 800 मीटर दौड़, स्टैंडिंग ब्रांड जंप जो 10-10 अंक के होंगे। प्रत्येक अभ्यर्थी को अगले चरण में पहुंचने के लिए फिजिकल टेस्ट में कुल 20 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
खेल कौशल की चयन-प्रक्रिया में किया जाएगा शामिल
फिजिकल टेस्ट उत्तीर्ण करने वाले खिलाड़ियों को खेल कौशल की चयन-प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इसमें खेल कौशल के लिए 30 अंक एवं खेल प्रदर्शन को 20 अंक कुल 50 अंक होंगे। इसमें भी चयन के लिए यही अभ्यर्थी पात्र माने जाएंगे, जिन्होंने कम से कम 25 अंक प्राप्त किए होंगे।