Shahjahanpur News: छेड़खानी पर दो समुदाय आमने-सामने, पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ को खदेड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 09 Nov 2023 12:39 AM IST

तिलहर पुलिस की गिरफ्त में छेड़छाड़ के आरोपी। स्रोत-पुलिस
तिलहर । कॉलेज जा रही छात्रा से छ़ेड़खानी के बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए। इससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को भीड़ को काबू करने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ीं। बाद में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन एक आरोपी फरार हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से मोहल्ले में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली कक्षा 11 की छात्रा बुधवार को साइकिल से कॉलेज जा रही थी। रास्ते में दूसरे समुदाय के युवक ने उसके साथ छेड़खानी की। छात्रा ने विरोध किया तो युवक और उसके साथियों ने उसका दुपट्टा खींच लिया। सहमी छात्रा तुरंत घर लौटी और परिजनों को बताया। इसके बाद छात्रा के पिता और चाचा मौके पर पहुंचे। छात्रा ने आरोपी की पहचान कराई।
बताते हैं कि परिजन युवक को बाइक पर बैठाकर उसके घर शिकायत करने ले जा रहे थे। इस बीच मधुवन काॅलोनी के पास आरोपी ने उनसे मारपीट कर बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। उसके अन्य साथी भी इकट्ठा होकर हमलावर हो गए। शोर शराबा सुनकर कॉलोनी के अन्य लोग भी आ गए। दो समुदाय में टकराव की सूचना पर इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुख्य आरोपी सोहेल और अरशान निवासी सितारगंज को हिरासत में ले लिया जबकि, शोबीन भाग गया। इस मामले में पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं।