Shahjahanpur News: एक कनेक्शन पर आ रहे दो-दो बिजली बिल

निगोही के रतूली गांव में बिजली का बिल दिखाते ग्रामीण। संवाद
शाहजहांपुर। निगोही के रतूली गांव में बाढ़ में लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद करीब दस साल तक बिजली नहीं आई पर उपभोक्ताओं के पास बिल लगातार पहुंचते रहे। काफी भागदौड़ के बाद पांच साल पहले आपूर्ति शुरू की गई तो निगम ने प्रत्येक घर में नए कनेक्शन कर पुराना बिल माफ होने की बात कही लेकिन तब से अब उनके घर दो-दो बिल आ रहे हैं। इस कारण ग्रामीण करीब 40 लाख रुपये के निगम के बकाएदार हो गए। ग्रामीणों ने एक्सईएन से लेकर एसई तक अपनी फरियाद सुनाई पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
रतूड़ी में वर्ष 2008 में बाढ़ आई थी जिसमें पड़ोसी गांव बरेंचा से जुड़ी बिजली लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने काफी दौड़-भाग की, लेकिन लाइन नहीं जुड़ सकी। शासन तक पत्राचार किया। काफी मशक्कत के बाद दस साल बाद 2018 में नबीयापुर गांव से लाइन जोड़कर सप्लाई को बहाल कर दिया गया। 2008 से 2018 तक बिजली नहीं आने के बाद भी गांव के 40 कनेक्शन धारकों के पास बिल आते रहे। दोबारा से सप्लाई जुड़ने के बाद कर्मचारियों ने नए कनेक्शन करे। ग्रामीणों का तर्क था कि उनके पहले से बिजली कनेक्शन हैं। उन पर बिल भी आ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि दोबारा से अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर कनेक्शन कराए। अब कनेक्शन धारकों के पास डबल बिल आ रहे हैं।
इनके ऊपर इतना बकाया बिल : बहोरन सिंह पर एक लाख 27 हजार, रामदास पर एक लाख 10 हजार, शिशुपाल पर एक लाख 13 हजार, बटेश्वर पर 75 हजार, रावेंद्र पर 90 हजार रुपये का बकाया है। ग्रामीणों ने गत दिनों एसई से भी पत्राचार किया था। वहां से अधीनस्थ का नंबर देकर चलता कर दिया गया।

निगोही के रतूली गांव में बिजली का बिल दिखाते ग्रामीण। संवाद

निगोही के रतूली गांव में बिजली का बिल दिखाते ग्रामीण। संवाद