Shahjahanpur News: बुखार से 24 घंटे में हो गई दो लोगों की मौत

गांव इटौआ के अंकित सक्सेना का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
खुटार/मिर्जापुर। बुखार आने के 24 घंटे बाद ही जिले में दो लोगों की मौत हो गई। परिजनों को बड़े अस्पताल में दिखाने तक का समय नहीं मिला। इस तरीके के बुखार से मौत के ये पहले दो मामले हैं। डॉक्टर भी कुछ बता नहीं पा रहे हैं।
गांव इटौआ निवासी कमलेश सक्सेना ने बताया कि उनका 11 वर्षीय पुत्र अंकित गांव के ही स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। उसे मंगलवार को बुखार आया था। वे उसे खुटार के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। उपचार के बाद भी लाभ नहीं होने पर डॉक्टर ने अंकित को बाहर ले जाने की सलाह दी। देर शाम वह लोग अंकित को पुवायां ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच अंकित ने दम तोड़ दिया।
फर्रुखाबाद ले जाते समय गई जान : ग्राम जरियनपुर निवासी 38 वर्षीय दिव्यांग वीरेशपाल यादव को मंगलवार को तेज बुखार आया। उसे सीएचसी जरियनपुर में डॉक्टर को दिखाया गया। डॉक्टर ने वीरेश की हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। भाई यशपाल ने बताया कि घटियाघाट के निकट बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से मां बिटोली देवी, भाई यशपाल, जयवीर, अजीत, जागेश्वर आदि का रो-रोकर बुरा हाल है।
डेंगू से सराफा व्यापारी के बेटे की मौत: मीरानपुर कटरा के मोहल्ला बाजार निवासी अतिन गुप्ता के 15 वर्षीय पुत्र चित्रांश गुप्ता की बरेली में डेंगू के चलते मौत हो गई। सराफा व्यापारी अतिन गुप्ता के बेटे चित्रांश को करीब एक सप्ताह पहले बुखार आया था। हालत में सुधार नहीं हाेने पर परिजन उसे लेकर बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। बुधवार की शाम करीब छह बजे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। बेटे की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

गांव इटौआ के अंकित सक्सेना का फाइल फोटो। स्रोत परिजन

गांव इटौआ के अंकित सक्सेना का फाइल फोटो। स्रोत परिजन

