Shahjahanpur News: स्कूल में लगे दूसरे प्रदेशों के दो वाहन सीज
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 05 Nov 2023 12:36 AM IST

बंडा में पकड़ी गई बच्चों से भरी बोलेरो गाड़ी।स्रोत परिवहन विभाग
शाहजहांपुर। बदायूं में हुए हादसे के बाद मानक को दरकिनार कर वाहनों से स्कूली बच्चों को लेकर चलने वालों पर शिकंजा कस दिया गया। शहर में वैनों को बंद कराने के बाद एआरटीओ प्रवर्तन शांतिभूषण पांडेय ने ग्रामीण इलाकों का रुख किया। शनिवार को चेकिंग के दौरान दो ऐसे वाहनों को पकड़ा गया, जो उत्तर प्रदेश में पंजीकृत नहीं थे। वाहनाें को सीज कर दिया गया है।
शनिवार को एआरटीओ प्रवर्तन एसबी पांडेय ने बंडा में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक वाहन में क्षमता से काफी ज्यादा बच्चे बैठे हुए पाए गए हैं। वाहन को थाने में खड़ा करा दिया गया। एआरटीओ ने बताया कि बंडा में दो वाहन की चेकिंग की गई, जो उत्तर प्रदेश में पंजीकृत नहीं हैं। दोनों वाहनों को सीज करने के बाद बंडा थाने में खड़ा कराया गया है। तीन वाहनों के चालान किए गए। इसी तरह यात्री कर अधिकारी होरी लाल वर्मा ने छह वाहनाें के चालान व एक को सीज किया।
अवैध वाहनों की तलाश को चार टीमें गठित : यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए चार टीमों का गठन कर लिया। हालांकि, एआरटीओ की कार्रवाई के बाद से अवैध रूप से संचालित वाहन गायब हो गए हैं। सीओ यातायात जगदीश लाल टम्टा ने बताया कि स्कूलों में मानक पूर्ण किए बना वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए चार टीमों को लगाया गया है। दूसरी ओर स्कूटी व बाइक से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यातायात पुलिस ने अभियान नहीं चलाया है। दावा है कि जल्द ही इसे शुरू किया जाएगा।

