Shahjahanpur News: बुखार से दो और डेंगू से एक महिला की मौत
शाहजहांपुर। जिले में लगातार डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। निगोही के एक ही गांव में दो दिन में दो महिलाओं की बुखार से मौत हो गई। वहीं कलान में डेंगू से एक महिला की मौत हो गई।
निगोही क्षेत्र के तालगांव निवासी भोला की 30 वर्षीय पत्नी माया देवी को चार-पांच दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन पहले तो गांव में ही इलाज कराते रहे, जब हालत ज्यादा बिगड़ी तो बीसलपुर में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दो दिन पहले उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को गांव के ही मुश्ताक की 40 वर्षीय पत्नी नाजमा भी कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थी। परिजन उसको इलाज के लिए पीलीभीत ले गए जहां उसकी भी इलाज का दौरान मौत हो गई। निगोही सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन चौधरी ने बताया कि सीएचसी पर डॉक्टरों की कमी थी। दो दिन पहले डॉक्टर की नियुक्ति हुई है। इसके साथ ही लोहरगवां और परसौना पीएचसी में डॉक्टर नियुक्त किए जाएंगे।
कलान। तहसील क्षेत्र के गांव मिल्किया ओमवीर यादव की 38 वर्षीय पत्नी कमला देवी का चार दिन से डेंगू का इलाज फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनके तीन बेटे है। प्रियांशु, हिमांशु, अपांशु का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में नहीं मिले डेंगू के मरीज : स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक जिले में शनिवार को कुल 7512 मरीज देखे गए। इनमें 1750 मरीजों की लैब में जांच कराई गई। कुल 179 मरीज भर्ती किए गए, 16 मरीजों को रेफर किया गया। 1750 मरीजों की स्क्रीनिंग जांच में मलेरिया व डेंगू के संदिग्ध रोगी नहीं मिले हैं।