शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: बुखार और डेंगू से दो युवकों की मौत, मलेरिया के 12, डेंगू के दो रोगी मिले

Connect News 24

Two youths died due to fever and dengue, 12 from malaria, two dengue patients found

शाहजहांपुर में कैंप के दौरान जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्त्रोत-स्वास्थ्य विभाग

शाहजहांपुर। वायरल बुखार और मलेरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को कांट के सैंजना गांव निवासी अजय कुमार की बुखार के चलते मौत हो गई। वहीं तिलहर के सब्जी मंडी निवासी किराना व्यापारी सुरेश चंद्र गुप्ता के पुत्र सुधांशु गुप्ता (20) की डेंगू से बरेली के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। वहीं स्वास्थ्य इकाइयों पर मलेरिया के 12, डेंगू के दो और टायफाइड के तीन रोगी मिले हैं।

सोमवार को कांट के गांव सैंजना निवासी अजय कुमार (28) की राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्हें 12 दिन से बुखार आ रहा था। करीब चार दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बहन मायादेवी ने बताया कि अजय मजदूरी करते थे। उनकी मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

दूसरी ओर स्वास्थ्य इकाइयों पर मलेरिया के 12 और डेंगू के दो नए रोगी मिले हैं। इस तरह स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में मलेरिया के 272 व डेंगू के 25 मरीज अंकित हैं। जिला स्वास्थ्य एवं सूचना अधिकारी वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को स्वास्थ्य इकाइयों पर 9190 मरीजों का परीक्षण किया। इसमें 1588 मरीजों की जांच की गई। 113 मरीजों को भर्ती किया गया। 15 को रेफर किया गया।

संक्रामक बीमारियां वाले क्षेत्र में लगाया कैंप

सीएचसी और पीएचसी पर मरीजों को उपचार देने के अतिरिक्त संक्रामक रोग फैलने वाले क्षेत्र में सीएमओ के निर्देश पर कैंप लगाए गए हैं। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दी गईं, साथ ही गांव में साफ-सफाई व एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसपी गंगवार ने बताया कि बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर अवश्य उपचार कराएं।

बारिश के कारण ओपीडी में रही कम भीड़

सोमवार को बारिश के चलते राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 1412 रोगियों ने नए पर्चे बनवाए। इसके अतिरिक्त 406 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। 146 नए मरीज भर्ती किए, जबकि 130 को छुट्टी दी गई।

पांच दिन पहले आया था सुधांशु को बुखार

तिलहर। सुरेश चंद्र गुप्ता की सब्जी मंडी में किराने की दुकान है। पांच दिन पहले उनके पुत्र सुधांशु गुप्ता को बुखार आया था। बुखार आने पर तिलहर में उसका दो दिन तक इलाज कराया गया। इस दौरान प्लेटलेट्स कम होने पर परिजन उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में ले गए। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। परिवार में मृतक के पिता सुरेश गुप्ता, मां बच्चे गुप्ता, भाई प्रियांशु गुप्ता व बहन इशिका गुप्ता का रो-रो कर बुरा हाल है। सुरेश गुप्ता ने बताया कि लगभग आठ वर्ष पहले पुत्र अंकित गुप्ता की भी बुखार से ही मौत हो गई थी। सोमवार की दोपहर मरिया धाम स्थित श्मशान घाट पर सुरेश गुप्ता ने नम आंखों से अपने पुत्र का अंतिम संस्कार किया।

शाहजहांपुर में कैंप के दौरान जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्त्रोत-स्वास्थ्य विभाग

शाहजहांपुर में कैंप के दौरान जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्त्रोत-स्वास्थ्य विभाग


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button