Budaun News: हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरी, करंट लगने से चार पशुओं की मौत

कादरचौक क्षेत्र के गांव लभारी में इसी पोल से पानी में उतरा हाईटेंशन लाइन का करंट। संवाद
रविवार रात हुआ हादसा, परिवार ने तख्त और भूसे के ढेर पर पर चढ़कर बचाई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
कादरचौक (बदायूं)। रविवार रात थाना क्षेत्र के गांव लभारी में हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से करंट लगने के कारण चार पालतू पशुओं की मौत हो गई। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह तख्त और भूसे के ढेर पर चढ़कर जान बचाई।
हादसा रविवार रात करीब 11:15 बजे हुआ। उस दौरान पूरे इलाके में झमाझम बारिश हो रही थी और बिजली भी आ रही थी। गांव लभारी निवासी महेश चंद्र पुत्र जागन लाल का परिवार घर में सो रहा था। उनकी तीन भैंसें और एक भैंसा घर के बाहर बंधा हुए थे। इसी दौरान अचानक उनके घर के सामने खंभे पर इंसुलेटर बस्ट हो गया, जिससे हाईटेंशन टूट गई।
नीचे तारों का ही जाल होने के कारण लाइन उसके ऊपर गिरी। करंट जाल और खंभे से नीचे भरे पानी में फैल गया। खंभे से करीब 25 मीटर दूर भैंसें और भैंसा बंधा हुआ था। चारों पशु करंट लगने से जमीन पर गिर गए। उनके रंभाने की आवाज सुनकर महेश चंद्र का परिवार भी जाग गया। उन्होंने भैंसों को देखने के लिए जैसे ही चारपाई से उतरने की कोशिश की उन्हें भी करंट लगा। इससे परिवार के लोग डर गए।
ऐसे में कुछ लोग तख्त पर तो कुछ भूसे के ढेर पर चढ़ गए। उन्होंने बिजली आपूर्ति बंद करने के लिए पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को कॉल की लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। सभी लोग सुबह पांच बजे तक तख्त और भूसे के ढेर पर बैठे रहे। सुबह जेई ने कॉल रिसीव की तो बिजली आपूर्ति बंद की गई। इसके बाद महेश चंद्र ने बाहर जाकर देखा तो करंट लगने से चारों पशु मरे पड़े थे।
महेश चंद्र का कहना है कि इस हादसे में उनका करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उनके चारों पशुओं की मौत पावर कॉरपोरेशन की लापरवाही से हुई है। उन्होंने इस संबंध में थाना पुलिस को तहरीर दी है।
–
तख्त और भूसे के ढेर पर न चढ़ता परिवार तो होता बड़ा हादसा
अगर रविवार रात महेश चंद्र का परिवार भूसे के ढेर या तख्त पर नहीं चढ़ता तो बड़ा हादसा हो सकता था। रात भर परिवार वाले जेई और कर्मचारियों को कॉल करते रहे पर किसी ने फोन नहीं उठाया। सुबह जेई ने कॉल रिसीव की तो बिजली कटी।
–
कॉल रिसीव नहीं करने की जानकारी नहीं है। जो हादसा हुआ है, उस संबंध में पुलिस रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। परिवार को मुआवजा भी दिया जाएगा। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होगी।
– अखिलेश कुमार, अधीक्षण अभियंता, पावर कॉरपोरेशन

कादरचौक क्षेत्र के गांव लभारी में इसी पोल से पानी में उतरा हाईटेंशन लाइन का करंट। संवाद