Shahjahanpur News: अनूठा है हॉकी खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने में जुटे आनंद का जज्बा
शाहजहांपुर। जिले में हॉकी खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी सीनियर खिलाड़ी आनंद सिंह ने संभाल रखी है। उनके निर्देशन में इस समय 50 बच्चे हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
हथौड़ा गांव के रहने वाले आनंद का बचपन से ही हॉकी के प्रति लगाव रहा। उन्होंने नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में कोच रहे निर्मल सिंह से प्रशिक्षण लिया। 1996 में वह हॉकी खेलने सैफई गए। 2011 में यूनिवर्सिटी स्तर पर दिल्ली खेलने गए। साल 2012-13 में भी यूनिवर्सिटी स्तर पर खेले। 2013 में भी यूनिवर्सिटी स्तर पर गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार खेलने गए। बीपीएड करने के बाद उन्हें कानपुर यूनिवर्सिटी में स्पोर्ट्स अनुदेशक के पद पर नियुक्ति मिल गई। 2015 में अनुदेशक के पद से इस्तीफा दे देकर पीडब्लयूडी में नौकरी पा ली। आनंद सिंह बताते हैं कि उन्होंने 2015 से अंडर-14 बच्चों को हॉकी का प्रशिक्षण देना शुरू किया था।
किसी को खेल कॉलेज में मिला एडमिशन, कोई सरकारी नौकरी कर रहा
– आनंद से प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों में किसी को खेल कॉलेज में एडमिशन मिल गया है, तो कोई सरकारी नौकरी में हैं। हथौड़ा में ही रहने वाली अंजली गौतम इस समय रेलवे में नौकरी कर रही हैं। वह रेलवे के लिए हॉकी खेलती हैं। पंकज कुमार जूनियर नेशनल कैंप कर रहे हैं। आकांक्षा को गोरखपुर स्थित वीर बहादुर स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश मिल गया है।
100 से ज्यादा बच्चों को दे चुके है नि:शुल्क प्रशिक्षण
– सीनियर खिलाड़ी आनंद सिंह अब तक 100 से ज्यादा बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर चुके हैं। प्रशिक्षण लेने वाले बच्चों को उन्होंने अपने निजी प्रयासों से यूनिफार्म भी उपलब्ध कराई है। बच्चों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए उन्हें अपने विभागीय अधिकारियों व जिला क्रीड़ाधिकारी का पूरा सहयोग मिल रहा है।
स्टेडियम में नहीं है हॉकी कोच, सुविधाएं भी कम
– नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में इस समय कोच भारी कमी है। हॉकी का भी कोई कोच नियुक्त नहीं है। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए संसाधन और सुविधाएं भी नाकाफी हैं। आनंद कहते हैं कि कोच की नियुक्ति के साथ ही हॉकी किट, ओपन जिम आदि भी स्टेडियम में होना चाहिए।