Shahjahanpur News: पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय, घोषणा तीन सितंबर को

सफाई कर्मचारी संघ के चुनाव के लिए नामांकन करते प्रत्याशी। संवाद
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के लिए सोमवार को नामांकन हुए। सभी पांच पदों के लिए सिर्फ एक-एक नामांकन होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन तय है। चुनाव परिणाम की घोषणा तीन सितंबर को होगी।
उप्र पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ जनपद शाखा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए नामांकन पत्र की बिक्री पूर्वाह्न 11 से 11:30 तक हुई। 11:30 से 12:30 तक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। दोपहर 12:30 से 1:30 तक उनकी जांच हुई। इसमें सभी नामांकन पत्र सही पाए गए। चुनाव अधिकारी दिनेश लोधी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर विनोद कुमार छावला, महामंत्री पद पर शीलेंद्र, कोषाध्यक्ष पद पर रामसागर कुशवाहा, जिला संगठन मंत्री पद पर अब्दुल अतीक, जिला संप्रेक्षक पद पर श्रीनिवास ने नामांकन दाखिल किए हैं। इन सभी का निर्विरोध निर्वाचन होना तय है। इसकी घोषणा तीन सितंबर को की जाएगी। इसी दिन प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। विनोद छावला ने बताया कि इसके बाद सदस्यता कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस मौके पर राजीव सैनी, सुखलाल यादव, सुग्रीव, नरेंद्र सिंह, उमेश गौतम, मुकेश, मनोज आदि मौजूद रहे।

